मुजफ्फरनगर में गन्ने का ओवरलोड ट्रक पलटा, चालक ने कूदकर बचाई जान

मुजफ्फरनगर। रतनपुरी में टेलीफोन एक्सचेंज के पास मंगलवार को गन्ना लदा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक ने कूदकर जान बचाई। वह घायल हो गया। राहगीर ट्रक की चपेट में आने से बचे।

मंगलवार को गांव शिकारपुर निवासी चालक अफजाल भौराकलां क्षेत्र स्थित क्रय केंद्र से ट्रक में गन्ना लादकर त्रिवेणी शुगर में जा रहा था,जैसे ट्रक रतनपुरी में टेलीफोन एक्सचेंज के निकट पहुंचा,तभी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

चालक अफजाल ने कूदकर जान बचाई। जिसमें वह घायल हो गया। घायल चालक ने चिकित्सक से उपचार कराया। ट्रक की चपेट में आने से राहगीर बचे। पुलिस ने सड़क पर फैले गन्ने को हटवाया और यातायात सुचारू कराया।

बीते दिनों रतनपुरी में साप्ताहिक पैठ स्थल के निकट गन्ने का ओवरलोड ट्रक पलट गया था। जिसकी चपेट में आकर एक वृद्ध की मौत हो गई थी, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे। इसके बावजूद परिवहन विभाग और पुलिस गन्ने के ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। गन्ने के ओवरलोड वाहनों के कारण कभी भी हादसा हो सकता हैं।