मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में खतौली के नगर में पिछले लगभग दो महीने से नए आधार कार्ड बनवाने का काम ठप पड़ा है। इस संबंध में खतौली नगर पालिका परिषद के पूर्व सभासद डॉ. मोहम्मद अथर ने जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
डॉ. अथर ने 24 जुलाई 2026 को भेजे गए अपने पत्र में बताया कि लाखों की आबादी वाले खतौली नगर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI), मुख्य डाकघर और ट्यूबवेल नंबर 4 पर स्थित आधार केंद्रों पर नए आधार कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि नए आधार कार्ड बनवाने के लिए लोगों को मुजफ्फरनगर जाना होगा।
इस स्थिति के कारण आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों का मुजफ्फरनगर आने-जाने में समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। हाल ही में सिद्दीक नगर निवासी शौएब सहित कई लोगों को बिना आधार कार्ड बनवाए ही वापस लौटना पड़ा।
डॉ. अथर ने अपने पत्र में इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान समय में आधार कार्ड शिक्षा, राशन और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए एक अनिवार्य दस्तावेज है। ऐसे में नगर में इस सुविधा का उपलब्ध न होना चिंता का विषय है।
पूर्व सभासद ने जिलाधिकारी से निम्नलिखित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है: खतौली स्थित एसबीआई, डाकघर और ट्यूबवेल नंबर 4 के आधार केंद्रों पर नए आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के आदेश दिए जाएं। जनता को राहत प्रदान करने के लिए खतौली में विशेष निःशुल्क आधार शिविर आयोजित कराया जाए, ताकि लंबित आवेदनों का निपटारा हो सके। डॉ. अथर ने विश्वास व्यक्त किया है कि जिलाधिकारी जनहित में इस गंभीर विषय पर उचित और त्वरित कार्रवाई करेंगे।