मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मीरापुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और डकैतों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ कुतुबपुर झाल पर पुलिस के संदिग्ध वाहन चेकिंग अभियान के दौरान हुई। पुलिस ने एक बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें हिस्ट्रीशीटर डकैत शाहनवाज घायल हो गया। उसका साथी नोमान पुलिस की कांबिंग में जंगल से गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाश हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाता नजर आया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से पुलिस ने देसी तमंचा, कारतूस, चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद की।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार और घायल दोनों अभियुक्तों पर मुजफ्फरनगर और मेरठ के विभिन्न थानों में डकैती, लूट और गौकशी जैसे आपराधिक मामले दर्ज हैं। शाहनवाज पर मीरापुर थाने का वारंट था और वह न्यायालय से फरार था।
मीरापुर के सीओ जानसठ रूपाली राव ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं रुके और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शाहनवाज के पैर में गोली लगी। मौके से एक देसी तमंचा, दो खोखे, दो कारतूस, एक बाइक और दूसरे अभियुक्त नोमान के पास से एक चाकू बरामद हुआ। घायल बदमाश को अस्पताल भेजा गया है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने कहा कि दोनों अभियुक्त लंबे समय से विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित थे और उनकी गिरफ्तारी सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है।