मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का सफल अनावरण किया है। आरोपी के कब्जे से लाखों के जेवरात, नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन और एक अवैध हथियार बरामद किया गया है।
पुलिस ने अभियुक्त सब्बन के पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक सोने की अंगूठी, पांच जोड़ी चांदी के बिछुए, दो चांदी के सिक्के, 29,200 रुपये नकद, एक लैपटॉप और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत और क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव के पर्यवेक्षण में विशेष टीमों का गठन किया गया था। यह कार्रवाई थाना क्षेत्र में पिछले दो महीनों में हुई चोरी की कई घटनाओं के खुलासे के लिए की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को लाईट माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से नकदी चोरी हुई थी। इसके बाद 12 सितंबर को एक जनसेवा केंद्र से लैपटॉप, मोबाइल और टैबलेट चुराए गए थे। 22 अक्टूबर को रोहित बालियान के घर से सोने-चांदी के आभूषण और कुछ सिक्के चोरी हुए थे। इन सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के बाद आरोपी की पहचान की। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सब्बन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में उसने तीनों चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी का सारा माल बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सब्बन पुत्र मेंहदी आलम, निवासी सुभाषनगर, थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर (मूल पता- ग्राम भवनावल, थाना दावत, जनपद रोहताश, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत एक नया मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।