मुजफ्फरनगर में चौकी के सामने हुड़दंगबाजी: बुलेट से पटाखा फोड़कर भाग रहे युवकों को पुलिस ने दबोचा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में मॉडिफाइड बुलेट से हुड़दंग मचाना दो युवकों को महंगा पड़ा। कई दिनों से चौकी के सामने बुलेट से तेज धमाके कर स्टंटबाजी कर रहे युवकों को मंगलवार रात चौकी इंचार्ज ने पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर बुलेट सीज कर दी और 15 हजार रुपये का चालान काटा।

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से दो युवक मॉडिफाइड बुलेट लेकर शहर कोतवाली क्षेत्र की रुड़की चुंगी चौकी के सामने आते थे। वे साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालते और तेज रफ्तार में स्टंट कर भाग जाते थे। इस हरकत से इलाके के लोग भी परेशान थे।

मंगलवार रात को भी दोनों युवक बुलेट लेकर चौकी के सामने पहुंचे और तेज धमाकों के साथ स्टंटबाजी करने लगे। इस बार चौकी इंचार्ज दीपक कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनका पीछा किया। कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और बुलेट सहित चौकी ले आई।

चौकी पर जांच के दौरान पता चला कि बुलेट का साइलेंसर मॉडिफाइड था, जिससे पटाखों जैसी तेज आवाज निकल रही थी। पुलिस ने मौके पर ही बाइक को सीज कर दिया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 15 हजार रुपये का चालान किया। छपार थाना क्षेत्र के बीजापुर निवासी बाइक मालिक नितिन और उसके साथी का चालान किया गया।

चौकी इंचार्ज दीपक कुमार ने बताया कि दोनों युवक जानबूझकर चौकी के सामने बुलेट से पटाखे छोड़कर हुड़दंग कर रहे थे। उन्हें पीछा करके पकड़ा गया। पुलिस ने कहा कि शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सड़क पर हुड़दंग मचाने और लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।