मुजफ्फरनगर: पुलिस ने जिले में चल रही अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाभोड़ किया है. मौके से 15 तमंचे और हथियार बनाने का सामान भारी मात्रा में बरामद किया गया है. फैक्ट्री चलाने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. SSP ने पुलिस टीम को 25 हजार ईनाम का भी ऐलान किया है.
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि 25 मई की रात थाना सिविल लाइन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संधावली कट के पास एक बंद पड़ी फैक्ट्री में कुछ लोग अवैध हथियार तैयार कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री की घेराबंदी की. इसी दौरान अंदर मौजूद बदमाशों को पुलिस की भनक लग गई और उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी.
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें शमीम उर्फ सोनू और विशाल गोली लगने से घायल हो गए. वहीं अदनान और मुर्सलीन को पुलिस ने घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 तमंचे 315 बोर, दो तमंचे 32 बोर, एक 9 एमएम पिस्टल, एक 32 बोर पिस्टल, चार अधबने तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, एक इलेक्ट्रिक स्कूटी और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले दर्जनों उपकरण बरामद किए हैं.
बरामद उपकरणों में ड्रिल मशीन, रेती, गैस सिलेंडर, बैरल, स्प्रिंग, फायरिंग पिन और अन्य लोहे के सामान शामिल हैं. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे. मांग के अनुसार अवैध हथियार बनाकर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करते थे.
पुलिस से बचने के लिए यह गिरोह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहता था. गिरफ्तार आरोपियों में शमीम उर्फ सोनू, विशाल, अदनान और मुर्सलीन शामिल हैं. इनमें से कई आरोपियों पर पहले से आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है
SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा जिसमें इंस्पेक्टर सिविल लाइन, एसपी सिटी और सीओ सिटी के निर्देशन में यह कार्रवाई हुई है. मेरे द्वारा पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का ईनाम भी दिया जा रहा है. टीम में इंस्पेक्टर महावीर सिंह और उनकी टीम के साथ उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, सत्येंद्र, अंकित चौधरी, सुधीर कुमार, ब्रह्मदेव, सनी और मोहित यादव ने यह सफल कार्रवाई की है.
लगातार चल रही कार्रवाई: SSP ने बताया कि पिछले 4-5 महीने के दौरान लगभग 550 से ऊपर अवैध हथियार बरामद किए गए हैं. मुजफ्फरनगर पुलिस प्रोएक्टिव होकर काम कर रही है. अब तक लगभग 1500 से 2000 कारतूस बरामद किए गए हैं. 750 से 800 अपराधी पकड़े गए हैं.
इनमें से कई लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है. यह असलहे आसपास के जिलों और राज्यों में बेचे जाते थे. यह गैंग संगठित अपराध के रूप में काम कर रहा था. इन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.