बहू के वेस्टर्न कपड़े पहनने और जिम जाने की आदत से सास थी परेशान, लूट की रची साजिश

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर में एक सास ने अपनी ही बहू के खिलाफ लूट की साजिश रच डाली। वजह थी बहू का वेस्टर्न कपड़े पहनना, जेवरों का शौक और जिम जाने की आदत। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास और एक अन्य आरोपी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार हरिद्वार जिले के मंगलौर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर जट निवासी पूजा की शादी गोपाल से हुई थी। पूजा को वेस्टर्न कपड़े पहनना और जेवरों का शौक था। इसके अलावा वह नियमित तौर पर जिम भी जाती थी। सास रेखा को यह सब बिल्कुल पसंद नहीं था। उसने कई बार बहू को समझाने की कोशिश की कि इतने गहने पहनकर बाहर न निकले और सादगी अपनाए, लेकिन पूजा ने अपनी आदतें नहीं छोड़ीं।

लूट की योजना बनाई
गुस्साई सास रेखा ने बहू को सबक सिखाने के लिए लूट की योजना बनाई। इसके लिए उसने ई-रिक्शा चालक वीर सिंह से संपर्क किया, जो अक्सर पूजा को लेकर जाया करता था। वीर सिंह और उसका परिचित अंकुर पूजा के घर आते-जाते थे। इसलिए सास उन पर भरोसा करती थी। पैसों की जरूरत के चलते दोनों ने इस साजिश में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

मामला जानिए
रविवार सुबह पूजा ई-रिक्शा से नूरनगर स्थित एक हकीम के पास जा रही थी। उसी दौरान रेखा ने आरोपियों को सूचना दी। वीर सिंह ने रिक्शा को नूरनगर के रजवाहा की पटरी पर रोका, जहां बाइक सवार दो युवकों वंश और रजत ने पूजा को धमकाते हुए उसके गहने लूट लिए। बदमाश सोने की तीन जोड़ी बाली और एक लॉकेट लेकर फरार हो गए।

तलाश में जुटी पुलिस
इस संबंध में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि लूट के बाद पीड़िता पूजा ने थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया और शक जताया कि इसमें ई-रिक्शा चालक की मिलीभगत हो सकती है। पुलिस ने जब वीर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि यह पूरी योजना पूजा की सास रेखा ने बनाई थी। इसके बाद पुलिस ने वीर सिंह के साथ देने वाले अंकुर और वंश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से लूटे गए गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि सास रेखा और आरोपी रजत अभी फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।