मुजफ्फरनगर में बाइक सवार दो युवकों की मौत

मुजफ्फरनगर। कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. यह दुर्घटना मुजफ्फनगर जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा मार्ग पर निराना गांव के पास हुई. वहीं, दूसरा हादसा मऊ जिले कोपागंज थाना क्षेत्र में हुआ. बिहार के गोपालगंज से वाराणसी जा रही सवारियों से भरी बस सड़क किनारे खाई में पलट गई. इस हादसे में 14 लोग घायल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पहले जानें मुजफ्फरनगर में दुर्घटना कैसे हुई: जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा मार्ग पर हुए हादसे में मृत युवकों की पहचान सनव्वर (40) निवासी गांव सरावली, थाना क्षेत्र नई मंडी और अरुण (25) निवासी मोहल्ला खादर के रूप में हुई है.

सिखेड़ा पुलिस के मुताबिक अरुण और बाइक से मुजफ्फरनगर जा रहे थे. पानीपत खटीमा हाइवे पर गांव निराना के पास कार ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी. दुर्घटना में बाइक सवार अरुण की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर घायल हो सनव्वर की हॉस्पिटल पहुंचने पर इलाज के दौरान मौत हुई.

हादसे के बाद ड्राइवर कार छोड़कर भाग गया है. पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को सूचना दी है. दोनों हेलमेट नहीं पहने थे. वह लोग शादी समारोह में टेंट में लाइट का ठेका लेते थे. अरुण लाइट की सजावट और सनव्वर टेंट लगाने का काम करता था. वह दोनों अपने घर लौट रहे थे और हादसे का शिकार हो गए.