मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना फुगाना थाना क्षेत्र के लोई गांव में देर रात एक बंद मकान में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में घर का हजारों का सामान जलकर राख हो गया। यह घटना गांव लोई निवासी रिजवान पुत्र रहीस के कच्चे मकान में हुई। आग की चपेट में आने से घर में रखे कपड़े, बिस्तर, बर्तन, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जल गए।
रिजवान अपने परिवार के साथ हरियाणा में रहकर मजदूरी करता है। उसका यह मकान गांव में बंद पड़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि रिजवान अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए गांव से बाहर रहता है। आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को बुलाया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान जल चुका था। पुलिस ने पीड़ित रिजवान को घटना की जानकारी दे दी है।