मुजफ्फरनगर में कार-बाइक भिड़ंत में दो घायल: नशे में धुत चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मारी

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में एक कार और बाइक की भिड़ंत में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से नशे में धुत कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना केथोड़ा पेट्रोल पंप के पास हुई। तेज रफ्तार अनियंत्रित कार चला रहे एक व्यक्ति ने बाइक पर सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार चालक को पकड़ लिया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जानसठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, एक बाइक सवार के पैर की हड्डी टूट गई है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान विकास गहलौत के रूप में हुई है, जो हस्तिनापुर क्षेत्र के तारापुर का निवासी है। मीरापुर थाना प्रभारी निरीक्षक बबलू वर्मा ने बताया कि कार चालक नशे की हालत में था।

उन्होंने कहा कि यदि कोई तहरीर आती है, तो चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक इस मामले में थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।