छोले की सब्जी में कीड़े मिलने पर हंगामा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जांच

मुजफ्फरनगर। होटल से खरीदी छोले की सब्जी में कीड़े निकलने पर हंगामा हो गया। ग्राहक ने विरोध जताया तो होटल संचालक और कर्मचारियों ने नोकझोंक की। सब्जी में कीड़े निकलने का वीडियो वायरल होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल पर जांच की।

नवरात्र के अवसर पर मांस-मछली व अंडे की बिक्री बंद थी। इसके चलते मुस्लिम समाज के कुछ लोग अपने होटल पर वेजीटेरियन सब्जी बनाकर बेच रहे थे। गुरुवार शाम मोहम्मद शोएब नावल्टी चौक पर करीम होटल से छोले की सब्जी खरीदकर घर ले गया था। इसे थाली में डाला तो सब्जी में कीड़े तैरते हुए मिले। इसकी शिकायत की तो होटल संचालक ने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की और अभद्र व्यवहार किया।

शोएब ने बताया कि होटल मालिक ने उसे धमकाया। मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर होटल में हंगामा हुआ। शुक्रवार को सहायक आयुक्त अर्चना धीरान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुलदीप कुमार को होटल भेजकर जांच कराई गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। होटल पर मानकों की भी जांच की गई है।

रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। होटल संचालक जमीर अहमद ने कहा कि युवक चंद्रा मार्केट में काम करता है। आए दिन सब्जी खरीदता है। वह घर से सब्जी में कीड़े डालकर लाया था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगे थे, इसको लेकर नोकझोंक हुई थी।