पश्चिमी उप्र समृद्धि की राजधानी बना, पूरे देश में लहराएगा भगवा : डा. दिनेश शर्मा

मुजफ्फरनगर। उप्र के पूर्व डिप्टी सीएम क्ष एवं राज्य सभा सांसद डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश अब प्रदेश की समृद्धि की राजधानी बन चुका है। आने वाले समय में पूरे देश में भगवा व केसरिया लहराएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तेजी से विकास हुआ है और जनता अब तुष्टिकरण की राजनीति को समझ चुकी है।

सोमवार को मुजफ्फरनगर में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद डा. दिनेश शर्मा ने गांधीनगर स्थित भाजपा नेता पुनीत वशिष्ठ के आवास पर पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरठ और मुजफ्फरनगर वीर और जागरूक लोगों की धरती है। पहले दिल्ली से मुजफ्फरनगर आने में चार घंटे लगते थे, लेकिन एक्सप्रेस-वे और सड़कों के विकास के कारण अब डेढ़ घंटे में सफर पूरा हो जाता है। उन्होंने कहा कि अब गंगा एक्सप्रेस-वे बनने से विकास को और गति मिलेगी。

विकास की भाषा
डा. शर्मा ने कहा कि जहां कभी जाति और खूनी संघर्ष की बातें होती थीं, वहां अब विकास की भाषा बोली जा रही है। प्रदेश में चारों ओर विकास का दौर चल रहा है और विकास ही समृद्धि का आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश के 80 प्रतिशत क्षेत्र में भगवा विचारधारा का प्रभाव दिखाई दे रहा है। भगवा और केसरिया अब भारत के विकास का पर्याय बन चुका है।

विपक्ष पर निशाना
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस की तुष्टिकरण की राजनीति को जनता समझ चुकी है और चुनाव में इसका जवाब भी दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की राजनीति का अंत शुरू हो चुका है और वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भी सपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

ईवीएम और कांग्रेस पर कटाक्ष
डा. शर्मा ने कहा कि विपक्ष अपनी हार के लिए कभी ईवीएम, कभी निर्वाचन आयोग और अब एफआईआर को जिम्मेदार ठहरा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार क्षेत्रीय दलों के सहारे राजनीति बचाने का प्रयास कर रही है।