मुजफ्फरनगर के अस्पताल में महिला की मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

मुजफ्फरनगर। जानसठ कस्बे के निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की मौत होने पर स्वजन व ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।

थानाक्षेत्र के गांव कवाल निवासी 32 वर्षीय तरन्नुम को बुधवार की देर रात लगभग तीन बजे डिलीवरी के लिए कस्बे के पानीपत खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर केनरा बैंक के पास स्थित लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया था। स्वजन ने बताया कि डिलीवरी के दौरान महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई। तबियत खराब होने पर उसकी मौत हो गई। महिला की मौत को लेकर स्वजन और मौके पर पहुंचे ग्रामीणाें ने हंगामा किया।

हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्वजन का आरोप है कि डाॅक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने स्वजन व ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत किया। अस्पताल के संचालक डा. अभिषेक ने बताया कि गांव कवाल की महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल में लाया गया था। महिला की हालत खराब देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। रास्ते में ले जाते हुए उसकी मौत हुई है।

छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को पीटा, आरोपितों पर मुकदमा
बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम गांव निवासी एक युवती दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। रास्ते में कुछ युवकों ने उसका पीछा कर छेड़छाड़ और छींटाकशी की। युवती के शोर मचाने पर उसका भाई और अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे। जब युवती के भाई ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपित युवकों लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित परिवार ने तुरंत थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर और जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।