होली पर खूनी खेल, शराब के नशे में विवाद के बाद पत्नी ने डंडे से पीटकर पति को उतारा मौत के घाट

अंबेडकरनगर । यूपी के अंबेडकरनगर में शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान पत्नी ने डंडे से हमला कर अपने सेवानिवृत्त रेलकर्मी पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान पति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पत्नी के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार अकबरपुर के जौहरडीह मुहल्ले के निवासी हौसिला प्रसाद अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे और अब सेवानिवृत्त हो चुके थे। पहली पत्नी के निधन के बाद उन्होंने संगीता से दूसरी शादी की थी। दोनों घर से अलग होकर मोहसिनपुर मंसूरपुर में एक झोपड़ी में रहते थे।

पुलिस ने क्या कहा
पुलिस के मुताबिक होली के दिन दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान मामूली बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने डंडे से पति की पिटाई कर दी, जिससे उसके हाथ, पैर, सिर समेत कई जगहों पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक की पहली पत्नी के बेटे अतुल प्रसाद को दी। अतुल प्रसाद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पत्नी संगीता के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अक्सर विवाद और मारपीट
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती थीं। होली के दिन भी इसी तरह के झगड़े के दौरान मारपीट हुई, जिससे हौसिला प्रसाद की मौत हो गई। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि आरोपित पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।