Amit Shah: पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने संकल्प पत्र जारी कर दिया है. संकल्प पत्र के जरिए भाजपा ने महिलाओं को साधने का प्रयास किया है. कई ऐसे वादे किए गए, जिनका फोकस पूरी तरह से महिलाओं पर था. अगर हम बंगाल की सियासत की बात करें तो यहां पर ‘M फैक्टर’ खूब चलता है, यह फैक्टर ममता बनर्जी के लिए ट्रंप कार्ड है. इसे TMC मुसलमानों से जोड़कर देखती है हालांकि ‘M फैक्टर’ का मतलब महिलाओं से भी है. पिछले चुनावों में महिलाओं ने ममता बनर्जी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और पुरुषों से ज्यादा वोटिंग की थी. ऐसे में भाजपा का भी फोकस ‘M’ फैक्टर की तरफ बढ़ गया है. इसकी क्या वजह है आइए जानते हैं विस्तार के साथ.
महिलाओं ने जमकर की वोटिंग
अगर हम पश्चिम बंगाल में महिला वोटरों की बात करें तो साल 2021 के चुनाव में करीब 50 प्रतिशत महिलाओं ने TMC को वोट दिया था जबकि 37 प्रतिशत महिलाओं ने भाजपा पर भरोसा जताया था. जबकि पुरुषों की बात करें तो 48 फीसदी पुरुषों ने TMC को वोट दिए, जबकि 40 प्रतिशत पुरुषों ने बीजेपी को वोट दिया था. महिलाओं का ममता के प्रति लगाव को तोड़ना ही भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है, ऐसे में भाजपा अन्य राज्यों की तरह बंगाल में भी महिलाओं पर फोकस कर रही है.
महिला प्रधान योजनाएं
मध्य प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों की बात करें तो यहां पर महिला प्रधान योजनाओं के जरिए भाजपा ने महिला वोटरों को अपनी ओर काफी हद तक आकर्षित किया था. जिसका नतीजा ये हुआ कि यहां जब चुनाव हुए तो महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाजपा को वोट दिया. साल 2020 में बिहार के विधानसभा चुनाव में पीएम मोदी ने महिलाओं को साइलेंट वोटर कहकर संबोधित किया था.
ममता बनर्जी का ‘M फैक्टर’
पश्चिम बंगाल के इस बार के चुनाव की बात करें तो ममता बनर्जी के M फैक्टर में मां, मानुष और माटी था और इस बार इसमें माछ भी जुड़ गया है. ममता बनर्जी का कहना है कि अगर भाजपा आई तो आपकी थाली से मछली-भात गायब हो जाएगा. वहीं भाजपा यहां पर अपने कई वादों से M फैक्टर को आकर्षित कर रही है.
संकल्प पत्र में महिलाओं पर फोकस
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं पर काफी ज्यादा फोकस किया. इसमें कहा गया है कि गर्भवती महिलाओं को 21 हजार की आर्थिक मदद दी जाएगी. आशा वर्कर का मानदेय बढ़ाया जाएगा, बुजुर्ग महिलाओं को 3 हजार रुपए दिए जाएंगे. महिला सुरक्षा के लिए पुलिस बटालियन बनाई जाएगी. पुलिस भर्ती में 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू किया जाएगा. महिला थाना बनाया जाएगा. भाजपा के ये वादे ममता बनर्जी के लिए नई टेंशन खड़ी कर सकते हैं.