40 दिन लड़कर भी ईरान से क्यों नहीं जीत सका अमेरिका? एक्सपर्ट ने खोल दिया रहस्य

यह देखकर दुनिया हैरान है कि अमेरिका जैसा ताकतवर मुल्क ईरान को हरा क्यों नहीं पाया? पहले लोग समझ रहे थे कि अमेरिका झट से युद्ध समाप्त कर देगा? इजरायल के टेक्निकल सपोर्ट के बाद भी ऐसा नहीं हो सका. अब 14 दिन के लिए मिसाइलें खामोश हैं और पाकिस्तान में ईरान-अमेरिका की मीटिंग हो रही है. ऐसे में, भारत के डिफेंस एक्सपर्ट ने ईरान की ताकत का रहस्य खोला है. एयर मार्शल संजीव कपूर (रिटायर्ड) ने ईरान पर अमेरिका के हावी न हो पाने की वजह बताई है.

जब उनसे कहा गया कि अमेरिका ने तो बंकर बस्टर बम गिराए, फिर भी उसे मनमाफिक सफलता नहीं मिली. इसकी वजह क्या है? कपूर ने बताया कि कंक्रीट बस्टर की डेप्थ मैक्सिमम 200 फीट होती है यानी 60 मीटर तक, जबकि ईरानियों के शहर, सुरंगें और हाईवे धरती की सतह से 500 मीटर से भी नीचे हैं.

दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं…
एएनआई को दिए इंटरव्यू में डिफेंस एक्सपर्ट ने साफ कहा कि दुनिया में किसी के पास ऐसी ताकत नहीं है, जो इस गहराई में घुसकर नुकसान पहुंचा सके. उन्होंने समझाया कि वहां पर घने जंगल हैं. पहाड़ों में एक झुंड हटता है और वहां से एक मिसाइल फायर होती है – यूएई पर, कतर पर, एक सऊदी पर और वह बंद हो जाता है. इसके बाद उस जगह से मूव कर जाते हैं. अब आप उसे कैसे हिट करेंगे?

लाहौर की गली से फायर करेगा पाकिस्तान?
हां, एक्सपर्ट ने पाकिस्तान को लेकर भी आगाह किया है. उन्होंने कहा कि भविष्य में लड़ाई का नेचर बदल जाएगा. जब उनसे पूछा गया कि क्या हम इस तरह की लड़ाई के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने कहा कि हमने हमेशा रिएक्ट किया है. अब बातचीत इस पर होनी चाहिए कि डिफेंस में हम पहले स्ट्राइक करें. उन्होंने साफ कहा कि आने वाले युद्ध में एक और चीज होगी कि ये (पाकिस्तान) शहर के अंदर से फायर करेंगे. ये लाहौर की गलियों से फायर करेंगे. (सिविलयन कवर होगा) अगर आप जवाब देंगे, तो कहेंगे कि देखिए युद्ध अपराध कर दिया.