Heatwave Alert: अप्रैल महीने की शुरुआत भले अच्छी रही हो, लेकिन आधा महीने बीतने के साथ मौसम ने सख्त तेवर दिखाना शुरू कर दिया है. दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई इलाकों में तापमान में तेजी से बढ़ रहा है और सारे रिकॉर्ड तोड़ने पर अमादा है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक डराने वाली चेतावनी दी है.
दरअसल, आईएमडी ने बताया कि अगले 48 घंटों में देश के कई हिस्सों में प्रचंड गर्मी का एहसास होगा. आने वाले हफ्ते में दिल्ली-एनसीआर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है. राजस्थान में भी इस महीने ही तापमान में 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभवाना है. विभाग के अनुसार, मध्य और पूर्वी भारत में हीटवेव (लू) की स्थिति देखने को मिल सकती है.
इन राज्यों के लिए IMD की चेतावनी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को अलर्ट जारी करते हुए बताया कि दिल्ली-एनसीआर में इस सीजन में पहली बार इस सप्ताह तापमान 40 जिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. वहीं, विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. महाराष्ट्र के विदर्भ में 15 से 18 अप्रैल तक हीटवेव की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 15 से 17 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.
यहां भी अगले 48 घंटों में मौसम दिखाएगा तेवर
आईएमडी ने अपनी चेतावनी में बताया कि मध्य प्रदेश में 16 से 18 अप्रैल के बीच हीटवेव की संभावना है. ओडिशा के आंतरिक और कुछ तटीय इलाकों में 15 से 18 अप्रैल के बीच गर्मी का भीषण प्रकोप देखने को मिलेगा. छत्तीसगढ़ में 16 से 19 अप्रैल के बीच लू की स्थिति देखने को मिल सकती है.
अप्रैल की शुरुआत रही थी अच्छी
आम तौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह से गर्मी का दौर देखने को मिलता है, लेकिन इस साल स्थिति थोड़ी उलट दिखी. अप्रैल की शुरुआत काफी ठंडी रही. मौसम सामान्य से ठंडा रहा. बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और ठंडी हवाएं चली थीं. हालांकि, अब आसमान पूरी तरीके से साफ और बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं है.