बमों की बरसात, चारों तरफ धुआं-धुआं, 1600 किमी दूरी और 200 जेट्स से कैसे इजरायल ने तबाह कर दी खामेनेई की सल्तनत?

Israel Attack Iran Latest News: ईरान के खिलाफ ऑपरेशन ‘रोरिंग लायन’ शुरू करने वाली इजरायली वायुसेना रह-रहकर कहर ढहा रही है. एयरफोर्स के लड़ाकू विमान और मिसाइलें राजधानी तेहरान में बने ईरान के सैन्य और राजनीतिक ठिकानों पर हमले कर रही हैं. इजरायली वायुसेना ने पिछले एक दिन में अपनी हवाई श्रेष्ठता स्थापित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. उसकी कोशिश तेहरान समेत पूरे ईरान के एयर स्पेस पर कब्जा करना है, जिससे उसकी थलसेना के लिए जमीनी ऑपरेशन का रास्ता साफ हो सके. अब उसने दुनिया में अपनी ताकत का इजहार करते हुए खामेनेई के ठिकाने पर हमले का वीडियो जारी किया है.

200 फाइटर जेट्स ने ईरान को दहलाया
इजरायली प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इन हमलों को ‘ईरानी आतंकवादी शासन को पूरी तरह से कमजोर करने’ का अभियान बताया है. उन्होंने कहा कि जब तक टारगेट पूरी तरह हासिल नहीं कर लिया जाता, तब तक अटैक जारी रहेंगे. उन्होंने ईरानी जनता से अपील की कि वे इस तानाशाही शासन से डरे नहीं और इसे खत्म करने के लिए घरों से बाहर निकलें. इजरायल की ओर से 28 फरवरी को शुरू हुए हमलों के पहले दिन करीब 200 फाइटर जेट्स ने भाग लिया. इस दौरान 500 से ज्यादा लक्ष्यों पर हमला किया गया. इसे इजरायली वायुसेना के इतिहास की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है.

पहले राउंड में घुटने पर आ गया ईरान
इस जबरदस्त ऑपरेशन के पहले चरण में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार और एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम नष्ट कर दिए गए. जबकि दूसरे चरण में बैलिस्टिक मिसाइल सुविधाओं पर धावा बोला गया. इजरायल ने तेहरान, इस्फहान, कोम, कराज और केरमानशाह जैसे अनेक शहरों पर ताबड़तोड़ हमले किए.

अपने हमलों की पहली लहर में इजरायली वायुसेना ने 1200 से ज्यादा गोला-बारूद ईरान पर गिराया. उसके टारगेट्स में ईरान के सैन्य ठिकाने, राजनीतिक इमारतें और परमाणु परियोजना से जुड़े लक्ष्य भी शामिल थे. सबसे अहम हमला ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के परिसर पर किया गया. जिसमें खामेनेई समेत उसके परिवार और रक्षा मंत्री को ढेर कर दिया गया.

खामेनेई समेत बड़े अफसरों को मारा
आईडीएफ ने इन हमलों की फुटेज भी जारी की. जिसमें तेहरान में हुए हमलों की पहली झलक दिखाई गई. उसके हमले में मारे गए बड़े अधिकारियों में आईआरजीसी कमांडर मोहम्मद पाकपोर, रक्षा मंत्री अमीर नासिरजादेह, अली शामखानी और चीफ ऑफ स्टाफ मोहम्मद बाघेरी शामिल रहे. इजरायल की ओर से मचाई जा रही तबाही के बीच ईरान ने अभूतपूर्व जवाब की धमकी दी है.

इस भड़कती हुई जंग को देखते हुए ईरान, इराक, जॉर्डन और इजरायल ने अपने-अपने एयरस्पेस बंद कर दिए हैं. वहीं एक्सपर्टों का मानना है कि यह संघर्ष मध्य पूर्व में बड़े युद्ध की शुरुआत भी हो सकता है. जिसकी चपेट में कई देश आ जाएंगे.