किलियन एम्बाप्पे और एर्लिंग हालैंड के बीच होगी कांटे की टक्कर

FIFA World Cup 2026 Draw: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अगले साल 11 जून से 19 जुलाई तक खेला जाएगा. फीफा वर्ल्ड कप 2026 अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ड्रॉ का ऐलान हो गया है. फुटबॉल के फैंस को बड़ा सरप्राइज मिल गया है. फ्रांस और नॉर्वे को एक ही ग्रुप में रखा गया है. यानी अब किलियन एम्बाप्पे और एर्लिंग हालैंड के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी. दूसरी तरफ डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को आसान ग्रुप मिला है.

एम्बाप्पे और हालैंड के बीच होगी कांटे की टक्कर

फ्रांस और नॉर्वे एक ही ग्रुप में हैं, जिसका मतलब है कि फुटबॉल के फैंस को किलियन एम्बाप्पे और एर्लिंग हालैंड के बीच सुपरहिट मुकाबला देखने को मिलेगा. ग्रुप I में फ्रांस, नॉर्वे, सेनेगल को रखा गया है. ग्रुप I में चौथी टीम का नाम अभी तय नहीं है. इराक, बोलिविया या सुरिनाम में से कोई एक इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ-2 की विजेता टीम ग्रुप I में शामिल होगी. फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पहला मैच 11 जून 2026 को मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा.

अर्जेंटीना के ग्रुप में कौन-कौन?

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ग्रुप J में अल्जीरिया के खिलाफ मैच से अपने टाइटल डिफेंस की शुरुआत करेगा. लियोनेल मेस्सी की टीम का सामना ऑस्ट्रिया और जॉर्डन से भी होगा, जो एक बैलेंस्ड लेकिन कॉम्पिटिटिव ग्रुप लग रहा है. बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें 16 नई टीमें शामिल हैं. पिछली बार कतर में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2022 में 32 टीमों ने हिस्सा लिया था. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इस बार कुल मिलाकर 104 मैच खेले जाएंगे.

ऐसा है रोनाल्डो की पुर्तगाल का ग्रुप

क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल को ग्रुप K में रखा गया है. ग्रुप K में पुर्तगाल के अलावा उज्बेकिस्तान और कोलंबिया भी शामिल है. इसके अलावा ग्रुप K में जमैका, न्यू कैलेडोनिया और कांगो में से कोई एक इंटरकॉन्टिनेंटल प्लेऑफ-1 की विजेता टीम शामिल होगी. इंग्लैंड की टीम ग्रुप L में है. ग्रुप L में इंग्लैंड के अलावा क्रोएशिया, घाना और पनामा की टीमें शामिल हैं. ब्राजील की टीम ग्रुप C में है. ग्रुप C में ब्राजील के अलावा मोरक्को, हैती और स्कॉटलैंड की टीमें शामिल हैं.