NEET परीक्षा की तैयारी और उससे जुड़े दबाव को लेकर एक और दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है. देहरादून पटेलनगर के चंद्रबनी की रहने वाली एक टाॅपर छात्रा ने अपने घर में आत्महत्या कर ली, जिससे परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं. 23 वर्षीय रिया कुमारी ने अपने माता-पिता के नाम एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने भावुक शब्दों में ‘आई एम सॉरी’ लिखा है. इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मानसिक तनाव और छात्रों पर बढ़ते दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
एक छात्रा जो 12वीं टॉपर रही वो नीट री-एग्जाम से पहले काफी तनाव में थी और 16 जून, मंगलवार को फंदा लगाकर उसने अपनी जान दे दी. उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला जिसमें उसने आखिर में मम्मी-पापा आई लव यूव लिखते हुए खुद को माैत के लिए जिम्मेदार बताया है. रिया ने घर में खिड़की से फंदा बांधकर आत्महत्या कर ली.
नोट में क्या लिखा?
अधिकारियों के अनुसार घटना स्थल से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि ‘मम्मी-पापा, मैं आपसे प्यार करती हूं.’ छात्रा ने अपनी आत्महत्या का जिम्मेदार खुद को बताते हुए नोट में लिखा- ‘बोझ बनने के लिए माफ करना. इसमें किसी और की गलती नहीं, बल्कि मेरी अपनी नाकामी है. सबसे अच्छा रास्ता यही है कि सब खत्म कर दूं. मैं आपसे प्यार करती हूं. माफ करना.’
सफलता न मिल पाने से निराश
शुरुआती जांच में अधिकारियों ने बताया कि नोट में छात्रा ने ये भी लिखा कि वो पढ़ाई में सफलता न मिल पाने की वजह से निराश और हताश है. परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि रिया द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की जा रही थी. 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा में शामिल हुई थी और नीट री-एग्जाम की तैयारी कर रही थी. जानकारी के अनुसार छात्रा तनाव में थी और इस वजह से उसने ऐसा कदम उठाया.
पुलिस का क्या कहना है?
देहरादून के सर्कल ऑफिसर (CO) अंकित कंडारी ने जानकारी दी कि मृतक 21 जून में होने वाली नीट री-एग्जाम परीक्षा की तैयारी कर रही थी, तभी उसने अचानक ये कठोर कदम उठा लिया. सबूत इकट्ठा करने और पोस्टमार्टम के बाद, पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया. पुलिस के अनुसार मामले की जांच चल रही है और सभी पहलुओं पर विचार करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की ओर से कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और जांच जारी है.