Trump Controversial Statement About Melania: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. नॉर्थ कैरोलिना में आयोजित एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप ने अपनी पत्नी और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के अंडरगारमेंट्स का जिक्र किया जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. यह रैली मूल रूप से महंगाई और दवाओं की कीमतें कम करने जैसे आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित थी लेकिन ट्रंप की टिप्पणी के बाद चर्चा का रुख बदल गया.
ट्रंप का बयान सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने अगस्त 2022 में उनके मार-ए-लागो स्थित आवास पर हुई एफबीआई (FBI) की तलाशी का उल्लेख किया. उन्होंने दावा किया कि उस दौरान संघीय एजेंट मेलानिया ट्रंप की अलमारी तक पहुंच गए. ट्रंप ने एक बार फिर इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया. ट्रंप ने मेलानिया की सलीकेदार आदतों का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपने सामान को बेहद व्यवस्थित रखती हैं. उन्होंने कहा कि मेलानिया के अंडरगारमेंट्स भी एकदम सही तरीके से फोल्ड और पैक किए होते हैं और टिप्पणी की कि ऐसा लगता है मानो वह उन्हें स्टीम करके रखती हों. इस बयान ने रैली में मौजूद लोगों को और चौंका दिया.
गौरतलब है कि एफबीआई की यह तलाशी ट्रंप पर गोपनीय सरकारी दस्तावेजों को गलत तरीके से रखने के आरोपों की जांच का हिस्सा थी. ट्रंप लगातार इस कार्रवाई की आलोचना करते रहे हैं. 2026 के मध्यावधि चुनावों से पहले रिपब्लिकन समर्थन मजबूत करने के उद्देश्य से ट्रंप नॉर्थ कैरोलिना में रैली कर रहे थे लेकिन उनकी यह टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है.