पाकिस्तान पर तालिबान की बड़ी एयरस्ट्राइक, रावलपिंडी के नूर खान मिलिट्री बेस समेत कई ठिकानों पर हमला

Pakistan-Taliban Clash: अफगानिस्तान में सत्ता संभाल रहे तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. मंत्रालय के मुताबिक, यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा अफगान क्षेत्र में किए गए हालिया एयरस्ट्राइक के जवाब में की गई. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उनकी वायुसेना ने रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस (Nur Khan Airbase) क्वेटा में तैनात 12वीं कोर, खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद एजेंसी क्षेत्र और घलानी सैन्य अड्डों को निशाना बनाया है. बयान में दावा किया गया कि इन हमलों से भारी नुकसान हुआ है. हालांकि, नुकसान की वास्तविक स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है.

पाकिस्तान ने पहले किया हमला
तालिबान का कहना है कि पाकिस्तान ने पहले काबुल और बगराम एयरपोर्ट को निशाना बनाया था. बगराम एयरफील्ड पूर्व में अमेरिकी सेना का बड़ा सैन्य अड्डा रहा है और हाल के महीनों में फिर चर्चा में आया था. तालिबान के मुताबिक, यदि पाकिस्तान दोबारा अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करता है या आक्रामक कार्रवाई करता है, तो उसे और कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

काबुल में धमाके, पाक जेट घुसने का आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, काबुल में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं. तालिबान सरकार ने दावा किया कि पाकिस्तानी जेट अफगान हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए, जिसके बाद उनकी सेना ने एंटी एयरक्राफ्ट और मिसाइल डिफेंस सिस्टम के जरिए जवाबी कार्रवाई की. तालिबान का यह भी दावा है कि पाकिस्तानी विमानों ने बगराम एयरबेस को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन हमले को नाकाम कर दिया गया.