‘कोई विकल्प नहीं है’…..एयरपोर्ट पर रेलवे स्टेशन जैसा नजारा, इंडिगो संकट पर राहुल गांधी भी बोले

IndiGo chaos worsens : भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (Indigo) अपने सबसे गंभीर दौर से गुजर रही है. क्रू सेफ्टी पर सख्त सरकारी नियमों के बाद बड़े एयरपोर्ट्स पर रुकावटें बढ़ गई हैं, जिससे देश की सबसे बड़ी एयरलाइन की रोस्टर प्लानिंग पर असर पड़ा है. 550 से ज़्यादा इंडिगो फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं हैं. इंडिगो ने एविएशन वॉचडॉग DGCA को 10 फरवरी तक स्टेबल ऑपरेशन पूरी तरह से बहाल करने का भरोसा दिलाया है और ये भी कहा है कि शेड्यूल को स्टेबल करने की कोशिशों के तहत अगले 2-3 दिनों तक कैंसलेशन जारी रहेगा.

आम नागरिकों को चुकानी पड़ रही है कीमत : राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंडिगो के ऑपरेशनल संकट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ये उसके एकाधिकार मॉडल की कीमत है. उन्होंने कहा कि देरी, उड़ानों के रद्द होने के रूप में आम नागरिकों को इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है.

225 अराइवल और डिपार्चर फ्लाइट्स कैंसिल

शुक्रवार को चौथे दिन भी रुकावटें जारी रहीं. दिल्ली से पुणे जाने वाली सुबह की फ्लाइट्स 6E 2343, 6E 2471, और 6E 6692, और भी कई फ्लाइट्स दिल्ली और तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट्स पर कैंसिल कर दी गईं हैं . दिल्ली एयरपोर्ट पर एयरलाइन की 225 अराइवल और डिपार्चर कैंसिल कर दी गईं. यात्री अपनी परेशानी शेयर कर रहे हैं क्योंकि वे देरी के कारण भारत के बड़े एयरपोर्ट्स पर फंसे हुए हैं.

एयरलाइन ने क्या कहा?

एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि इन चुनौतियों में टेक्नोलॉजी में दिक्कतें, सर्दियों के मौसम से जुड़े शेड्यूल में बदलाव, खराब मौसम की स्थिति, एविएशन सिस्टम में बढ़ती भीड़ और अपडेटेड क्रू रोस्टरिंग नियमों (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) को लागू करने से हमारे ऑपरेशन पर नकारात्मक असर पड़ा, जिसका अंदाजा लगाना संभव नहीं था.

देश भर के बड़े एयरपोर्ट्स पर बहुत ज्यादा दिक्कत हो रही है. ये कैंसिलेशन नवंबर में लागू की गई सख्त फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के साथ एडजस्ट करने में एयरलाइन की मुश्किल और एयरबस A320 एयरक्राफ्ट के लिए अचानक आए सॉफ्टवेयर अपडेट की वजह से हुई है. एक बयान में इंडिगो ने ग्राहकों से माफी मांगी और माना कि पिछले दो दिनों में पूरे नेटवर्क में काफी दिक्कत हुई है. एयरलाइन ने शुक्रवार तक और कैंसिलेशन की चेतावनी दी क्योंकि वह ऑपरेशन को स्थिर करने के लिए ‘कैलिब्रेटेड एडजस्टमेंट’ लागू कर रही है.