ट्रंप ने पेश क‍िया ‘गोल्ड कार्ड’ वीजा, खुलेगा अमेर‍िकी नागर‍िकता का दरवाजा; क‍ितना होगा चार्ज और कैसे करें अप्‍लाई?

How To Apply for Gold Card Visa: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में नया ‘गोल्ड कार्ड’ वीजा (Gold Card Visa) प्रोग्राम लॉन्‍च किया. इस प्रोग्राम का लंबे समय से इंतजार क‍िया जा रहा था. अब लोगों की तरफ से इसके ल‍िए आवेदन क‍िया जा सकेगा. कार्ड के जर‍िये अमीर व‍िदेश‍ियों और कंपनियों के लिए अमेरिका में तेजी से ग्रीन कार्ड (Green Card) और बाद में स‍िटीजनश‍िप का रास्ता खुलेगा. ट्रंप ने इसे ‘ग्रीन कार्ड जैसा लेकिन बहुत बड़े फायदों वाला’ बताया. इससे कंपनियां विदेशी टॉप ग्रेजुएट्स को अमेरिका में रख सकेंगी. इसके ल‍िये वेबसाइट पर आवेदन तुरंत शुरू हो गए हैं.

यह काफी हद तक ग्रीन कार्ड जैसा
ट्रंप ने व्‍हाइट हाउस के रूजवेल्ट रूम में बिजनेस लीडर्स की मौजूदगी में इस प्रोग्राम का ऐलान क‍िया. इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ पर ल‍िखा, ‘अमेरिकी सरकार का ट्रंप गोल्ड कार्ड आ गया है! सभी योग्‍य और वेरिफाइड लोगों के लिए स‍िटीजनश‍िप का सीधा रास्‍ता! यह बहुत ही रोमांचक है. द‍िग्‍गज अमेर‍िकी कंपन‍ियां अपने इनवैल्‍यूएबल टैलेंट को अपने पास रख पाएंगी. इस दौरान ट्रंप ने यह भी बताया ‘यह काफी हद तक ग्रीन कार्ड जैसा ही है, लेकिन इसमें ग्रीन कार्ड से बड़े फायदे हैं. कंपनियां किसी भी स्कूल से कार्ड खरीद सकेंगी और उस शख्‍स को यूएस में रख सकेंगी. आइए जानते हैं इसके बारे में व‍िस्‍तार से-

क्‍या है अमेर‍िका का ‘गोल्ड कार्ड’?
यह वीजा प्रोग्राम ऐसे लोगों के लि‍ए शुरू क‍िया गया है, जो अमेरिका को बड़ा फायदा पहुंचा सकें. यह EB-1 या EB-2 कैटेगरी में ग्रीन कार्ड देता है. पहले 15,000 डॉलर की प्रोसेसिंग फीस देकर इसके ल‍िए आवेदन करना होगा. इसके बाद बैकग्राउंड चेक और फ‍िर 1 मिलियन डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) का ‘गिफ्ट’ दें, जो क‍ि क‍िसी भी व्‍यक्‍त‍िगत आवेदक के ल‍िये है. इस गिफ्ट को अमेरिका के लिए ‘सब्स्टैंशियल बेनिफिट’ का सबूत माना जाएगा. इसके अलावा स्टेट डिपार्टमेंट की भी छोटी फीस लग सकती है. कंपनियों को ग्रीन कार्ड वीजा के लि‍ए दोगुनी राश‍ि 2 मिलियन डॉलर (करीब 18 करोड़ रुपये) प्रति कर्मचारी देने होंगे.

ट्रंप प्लेटिनम कार्ड क्या है?
‘ट्रंप प्लेटिनम कार्ड’ को अभी लॉन्‍च नहीं क‍िया गया है, लेकिन वेबसाइट पर इसके लि‍ए वेटिंग लिस्ट शुरू हो गई है. 5 मिलियन डॉलर (करीब 45 करोड़ रुपये) का गिफ्ट देकर आप एक साल में 270 दिन अमेरिका में ब‍िता सकते हैं. वो भी बिना अमेरिकी टैक्स दिए (गैर-अमेरिकी इनकम पर). आने वाले समय में इसकी फीस में इजाफा क‍िया जा सकता है.

कंपनियों के लिए कॉर्पोरेट गोल्ड कार्ड
कंपनियां इस कार्ड को विदेशी कर्मचारियों के लिए स्पॉन्सर कर सकती हैं. इसके ल‍िए भी 15,000 डॉलर की प्रोसेसिंग फीस लगेगी. लेक‍िन इसके ल‍िए 2 मिलियन डॉलर (करीब 18 करोड़ रुपये) का गिफ्ट एक कर्मचारी पर देना होगा. एक बार गिफ्ट देने के बाद कंपनी कर्मचारी में बदलाव कर सकती है वो भी बिना नया गिफ्ट दिये. इसके ल‍िए महज 1% की सालाना मेंटेनेंस फीस और 5% ट्रांसफर चार्ज देना होगा. इससे टेक कंपनियां को अच्‍छे बंदे रखने में आसानी होगी.

कौन कर सकता है अप्‍लाई?
आवेदक का अमेरिका में स्‍थायी निवास के लिए योग्य होना जरूरी है. उसका कोई क्रिमिनल या सिक्योरिटी रिस्क नहीं होनी चाहिए और वीजा मुहैया होना चाहिए. कुछ देशों में वीजा बैकलॉग के कारण इंतजार बढ़ सकता है. इसके अलावा इसमें पर‍िवार को भी शाम‍िल क‍िया जा सकता है. इसके तहत पति / पत्‍नी और 21 साल से कम उम्र के अविवाहित बच्चे शामिल हो सकते हैं. हर मेंबर के लिए 15000 यूएस डॉलर की अलग फीस और एक मिलियन डॉलर का गिफ्ट देना जरूरी होगा.

आवेदन का समय और प्रोसेस
यद‍ि आप भी आवेदन करना चाहते हैं तो वेबसाइट इससे जुड़े एप्‍लीकेशन www.trumpcard.gov पर शुरू हो गए हैं. 15,000 डॉलर की फीस जमा करने के बाद वेट‍िंग और अप्रूवल में महीनों का समय लग जाता है. इसके बाद इंटरव्यू और फ‍िर डॉक्यूमेंट भेजने जरूरी होते हैं. प्लेटिनम कार्ड के लिए आप अभी वेटिंग लिस्ट ज्‍वाइन कर सकते हैं. इस प्रोग्राम के जर‍िये अमेरिका अरबों डॉलर कमाने के साथ ही टॉप टैलेंट को लाने का तरीका खोज रहा है.