Weather Update: देशभर में ठंड का प्रकोप, UP समेत इन राज्यों में शीतलहर और भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली: मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विदर्भ, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
अगले 24 घंटे में तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार में मूसलाधार बारिश की संभावना है। दक्षिणी केरल, लक्षद्वीप और आंतरिक तमिलनाडु के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड-हिमाचल में बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल के लाहौल-स्पीति, कुल्लू-मनाली और उत्तराखंड के चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में बर्फबारी की संभावना है। इन इलाकों में तापमान शून्य के करीब पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर अगले हफ्ते और बढ़ेगा।

यूपी-बिहार में बढ़ी सर्दी और कोहरा
उत्तर प्रदेश और बिहार में सर्दियों ने दस्तक दे दी है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह हल्का कोहरा छा रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी और उत्तरी बिहार में शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना जताई है।

दिल्ली में हवा अब भी ‘गंभीर’
हवा चलने से हल्का सुधार जरूर दिखा, लेकिन दिल्ली का एक्यूआइ बुधवार को 418 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। आइक्यू एयर के मुताबिक, रात 9 बजे दिल्ली का एक्यूआइ 336 रहा। देशभर में सबसे प्रदूषित शहरों में दिल्ली, जींद और नोएडा शीर्ष पर रहे।