अब क्या हो गया? ईरान ने अचानक होर्मुज में कमर्शियल जहाजों पर दाग दीं मिसाइलें, गहराया बड़ा संकट

Strait of Hormuz Crisis: ईरान द्वारा कमर्शियल जहाजों पर मिसाइल दागे जाने की खबरों के बीच खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है जानिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का वैश्विक तेल व्यापार पर कितना असर पड़ सकता है, किन देशों की बढ़ी चिंता और दुनिया के सामने क्यों गहराया नया संकट.

मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है. अमेरिकी अधिकारी के हवाले से आई एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे दो कॉमर्शियल शिप पर एक के बाद एक करके लगातार दो मिसाइलें दागीं. इस हमले में दोनों जहाजों को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी चालक दल के सदस्य के हताहत होने की सूचना नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, मिसाइल हमले के कारण जहाजों को काफी नुकसान पहु्ंचा.

हालांकि जहाजों पर मौजूद सभी लोग सुरक्षित बताए गए हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के समय जहाज किस देश के थे और वे कौन-सा सामान लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद संवेदनशील समुद्री मार्ग माना जाता है. खाड़ी क्षेत्र से निकलने वाला बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस इसी रास्ते से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचती है. ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी सैन्य कार्रवाई का असर वैश्विक व्यापार और ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है.

इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है. अभी तक ईरान की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं, घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों और स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है.

फिलहाल क्या है स्थिति?
अब तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मिसाइल हमले में दो वाणिज्यिक जहाज क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन किसी के घायल या मारे जाने की सूचना नहीं है. मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने के साथ ही स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.