मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन के चर्चित कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय जयपुर के होटल आमेर में हरियाणा की शिप्रा शर्मा के साथ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए। शाम को नवविवाहित जोड़े का आशीर्वाद समारोह हुआ। इस दौरान इंद्रेश उपाध्याय और शिप्रा शर्मा की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल होती रहीं। साथ ही, इस दौरान वृंदावन के एक और मशहूर कथावाचक स्वामी अनिरुद्धाचार्य की शादी किससे हुई है? इस पर चर्चा शुरू हो गई। दरअसल, स्वामी अनिरुद्धाचार्य की शादी आरती तिवारी से हुई है। उनके दो बच्चे भी हैं। सोशल मीडिया इस जोड़े की तस्वीरों पर खूब चर्चा हुई।
कौन हैं आरती तिवारी?
वृंदावन के लोकप्रिय कथावाचक और ‘गौरी गोपाल’ वृद्धाश्रम के संचालक अनिरुद्धाचार्य महाराज लगातार अपने आध्यात्मिक कार्यों के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में हैं। कई लोग उन्हें ब्रह्मचारी मानते थे। हालांकि, वे शादीशुदा हैं और दो बच्चों के पिता भी हैं। अनिरुद्धाचार्य महाराज की पत्नी का नाम आरती तिवारी है, जिन्हें भक्त गुरू मां कहकर संबोधित करते हैं। आरती तिवारी भी राधा-कृष्ण की अनन्य भक्त और भजन गायिका हैं।
आरती तिवारी अक्सर अपने भजनों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती हैं। कई धार्मिक आयोजनों में पति के साथ शामिल होती हैं। अनिरुद्धाचार्य महाराज भी अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर पत्नी के साथ तस्वीरें पोस्ट करते रहते हैं। दोनों को कई बार साथ-साथ पूजा और सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से देखा गया है।
रिंवझा से वृंदावन तक की यात्रा
अनिरुद्धाचार्य महाराज का जन्म 27 सितंबर 1989 को मध्य प्रदेश के दमोह जिले के रिंवझा गांव में हुआ था। उनके पिता स्थानीय मंदिर में पुजारी थे, जिसके कारण बचपन से ही उनका जीवन पूरी तरह आध्यात्मिक माहौल में बीता। उनका बचपन का नाम अनिरुद्ध तिवारी था। वे छोटी उम्र से ही श्रीराधा-कृष्ण मंदिर में सेवा करते थे। बचपन में ही रामचरितमानस और श्रीमद्भागवत का अध्ययन कर चुके थे।
अनिरुद्धाचार्य महाराज सिर्फ कथावाचक ही नहीं, बल्कि सेवा कार्यों में भी गहरी रुचि रखते हैं। वे गौरी गोपाल वृद्धाश्रम का संचालन करते हैं, जहां बुजुर्गों की देखभाल की जाती है। वृंदावन में गौसेवा और बंदर सेवा में सक्रिय रहते हैं। प्राचीन शिक्षा प्रणाली पर आधारित गुरुकुल चलाते हैं, जिसमें जरूरतमंद बच्चों को मुफ्त शिक्षा, आवास और सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
लोकप्रिय हैं कथावाचक
अनिरुद्धाचार्य महाराज अपनी कथावाचन शैली, भजन-कीर्तन और सेवा कार्यों के कारण देशभर में लोकप्रिय हैं। सोशल मीडिया पर उनका प्रभाव काफी बढ़ा है और उनके प्रवचन लाखों लोग सुनते हैं। वहीं, आरती तिवारी भी सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं। उनके भजनों को भी खूब पसंद किया जाता है। इंद्रेश महाराज-शिप्रा की शादी के बाद इस जोड़ी भी चर्चा हो रही है।