‘तुम गंदगी हो’, पत्नी से कार में क्या बोलता रहा गौतम मीणा? वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें

जयपुर. राजधानी जयपुर में पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत एक्जिक्यूटिव इंजीनियर गौतम मीणा और उनकी पत्नी अनु मीणा से जुड़ा मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. अब इस मामले में एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो अनु मीणा की मौत से कुछ दिन पहले का है, जिसमें गौतम मीणा कार में अपनी पत्नी से बात करते हुए कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना देते नजर आ रहे हैं.

वीडियो में गौतम मीणा अपनी पत्नी को अपमानजनक शब्द कहते सुनाई दे रहे हैं. वह कथित तौर पर अनु से कहते हैं कि “तुम गंदगी हो, टट्टी हो, बच्चों की वजह से तुम्हें रख रहा हूं.” इतना ही नहीं, वीडियो में वह पत्नी के व्यक्तित्व, सम्मान और आत्मसम्मान को लेकर भी लगातार अपमानजनक टिप्पणियां करते दिखाई दे रहे हैं. बातचीत के दौरान अनु मीणा भावुक होकर रोने लगती हैं, लेकिन आरोप है कि गौतम मीणा उन्हें चुप कराने के बजाय और तंज कसते रहते हैं.

मैं तुम्हें शादी के बाद से पसंद नहीं करता
वीडियो में गौतम मीणा कथित रूप से यह भी कहते सुनाई देते हैं कि “मैं तुम्हें शादी के बाद से पसंद नहीं करता. अगर तुम छोड़कर चली जाओ तो वापस नहीं लाऊंगा.” इसके अलावा वह पत्नी को “ड्रामा करने वाली”, “पत्नी के लायक नहीं” और “किसी के भी लायक नहीं” जैसे शब्द भी कहते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह यह भी कहते सुनाई देते हैं कि “पति ईश्वर होता है और उसका सम्मान करना चाहिए.”

अनु के परिवार और उसके पिता को भी नहीं छोड़ा
मामले से जुड़े इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई लोग इसे मानसिक प्रताड़ना का गंभीर मामला बता रहे हैं. वीडियो में गौतम मीणा पत्नी की तुलना अपने परिवार की अन्य महिलाओं से करते हुए भी नजर आते हैं और कथित रूप से कहते हैं कि “मेरे घर की महिलाएं ऐसी नहीं हैं.” साथ ही वह अनु मीणा के परिवार और उनके पिता को लेकर भी टिप्पणी करते दिखाई देते हैं.

अनु के परिजनों ने मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप
वीडियो में बातचीत के दौरान गौतम मीणा यह भी कहते सुनाई देते हैं कि “तुम मरने की बात करती हो, एक दिन मरोगी भी.” इस तरह के कथित बयानों को लेकर अब मामला और ज्यादा गंभीर माना जा रहा है. अनु मीणा के परिजनों का आरोप है कि उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया.

वीडियो की सत्यता की भी कराई जाएगी जांच
गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही गौतम मीणा के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा चुका है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है. अब वायरल वीडियो भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.