गुरुग्राम में पति ने गर्लफ्रेंड के कमरे में पत्नी का किया कत्ल, आरोपी प्रेमिका संग फरार, 3 माह पहले हुई थी अंकित-मधु की शादी

गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद ही एक नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि मृतका के पति और उसकी प्रेमिका पर लगा है.

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अंकित ने पूरी कहानी को इस तरह घुमाया कि पुलिस और परिवार भी हैरान रह गए. आरोपी दामाद ने ससुराल वालों को गुमराह करने के लिए कहा कि उसकी पत्नी घर से सारे जेवर लेकर भाग गई है. हालांकि, जब पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा खोला, तो जो खौफनाक मंजर सामने आया, उसने सबके होश उड़ा दिए. जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मधु के रूप में हुई है, जिसकी शादी अभी करीब 3 महीने पहले ही बड़े अरमानों के साथ हुई थी. लेकिन किसे पता था कि जिस हमसफर के साथ मधु ने सात फेरे लिए थे, वही उसका सबसे बड़ा काल बन जाएगा.

मानेसर से 21 मई को अचानक मधु संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल रहा था. लापता होने के बाद आरोपी पति ने अपनी घिनौनी साजिश के तहत एक झूठी कहानी रची. उसने मधु के परिवार वालों और पुलिस को विश्वास दिलाने की कोशिश की कि मधु घर में रखे तमाम कीमती जेवर और गहने समेट कर कहीं भाग गई है. परिवार को भी शुरुआत में उसकी बातों पर शक नहीं हुआ, लेकिन जब काफी दिन बीत जाने के बाद भी मधु का कोई पता नहीं चला, तो शक की सुई पति पर घूमने लगी. मृतिका के परिवार ने आरोपी पति पर झूठी कहानी गढ़ने और गुमराह करने का सीधा आरोप लगाया.

अपनी प्रेमिका के कमरे में ले गया था पति
रविवार को जब पुलिस जांच करते हुए आरोपी पति अंकित की प्रेमिका (गर्लफ्रेंड) के कमरे पर पहुंची, तो वहां सन्नाटा पसरा हुआ था. कमरे के बाहर ताला लटका था. पुलिस ने जब शक के आधार पर कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा बेहद खौफनाक था. बाथरूम के अंदर से बेहद तेज बदबू आ रही थी. जब पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा खोला, तो वहां मधु का बुरी तरह सड़-गल चुका शव बरामद हुआ. शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हत्या कई दिन पहले की जा चुकी थी. फिलहाल डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मानेसर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

गोली और चाकू मारा
उधऱ, मधु के पिता अमित कुमार ने बताया कि उनकी बेटी की डेडबॉडी गली सड़ी हालत में मिली है. दामाद काफी जालिम निकला है. आरोपी को फांसी की सजा होनी चाहिए. आरोपी ने उनकी बेटी को गले पर चाकू और गोली भी मारी है. काफी दिन से लाश बाथरूम में पड़ी थी. आरोपी मानेसर का रहने वाला है.