बारात में डीजे में करंट आने से 5 बच्चे झुलसे: 2 की हालत गंभीर, 11केवी लाइन से हादसा

डीग. डीग जिले के नियामतपुर गांव में एक बारात के दौरान डीजे में करंट आने से 5 बच्चे झुलस गए। यह घटना गुरुवार को हुई। इनमें से 2 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय निवासी बृजकिशोर ने बताया कि उनके परिवार में रामकिशोर और श्रीराम की बेटियों की शादी थी। गुरुवार को बारात आई थी और गांव से निकलते समय डीजे बज रहा था। इसी दौरान डीजे 11केवी बिजली के तार से छू गया, जिससे उसमें करंट आ गया और डीजे पर बैठे पांचों बच्चे झुलस गए।

गंभीर रूप से झुलसने वालों में बृजकिशोर का 14 वर्षीय बेटा बादल और बावेकर खेरली निवासी 13 वर्षीय अंकित शामिल हैं। इन दोनों को अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बादल और अंकित के सिर, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायल बच्चों के पिता मजदूरी करते हैं।

बृजकिशोर ने बताया कि बारात कठूमर के पास अरुआ से आई थी और यह हादसा बारात की निकासी के समय हुआ। शुक्रवार को इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद बच्चे सड़क पर पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली बंद नहीं हुई होती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। बिजली का तार टूटने के बाद आपूर्ति बंद हो गई, जिससे गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।