कोटा-चित्तौड़ हाईवे पर गाय सामने आने से पलटी कार:एक की मौत, 5 घायल

कोटा. कोटा-चित्तौड़ हाईवे पर एक कार पलटने से 37 वर्षीय महिला नम्रता शर्मा की मौत हो गई, जबकि उनके पति, बेटा और अन्य परिवारजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा रविवार को बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में हुआ।

यह परिवार चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा के मांगरोल गांव का निवासी है और चित्तौड़गढ से दिल्ली की ओर जा रहा था। हादसे का कारण सड़क पर अचानक आ गई एक गाय बताया जा रहा है, जिससे कार बेकाबू होकर गड्ढे में पलट गई।

चित्तौड़गढ़ से दिल्ली जा रहा था परिवार

पीड़ित परिवार के सदस्य महेश शर्मा ने बताया कि हमारा बेटा नितिन शर्मा गुड़गांव में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। हम रविवार को बेटे, बहू और पोते-पोती के साथ गुड़गांव जा रहे थे। नितिन कार चला रहा था, मैं आगे की सीट पर था, जबकि पत्नी, बहू और बच्चे पीछे बैठे थे। गोपालपुरा घाटी के पास अचानक गाय सामने आ गई, जिससे कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

हादसे में महेश शर्मा, उनके बेटे नितिन (जिनके कंधे में चोट लगी है), बहू और बच्चे घायल हो गए। उन्हें पहले डाबी के सीएससी में ले जाया गया, जहां से कोटा रेफर किया गया। दुर्भाग्य से, कोटा पहुंचने पर नम्रता शर्मा की मौत हो गई।

डाबी थाने के ASI राकेश कुमार ने कहा कि परिवार कार से चित्तौड़ से दिल्ली जा रहा था। गोपालपुरा घाटी में गाड़ी पलट गई। हादसे के सटीक कारणों की जांच चल रही है, लेकिन परिजनों ने कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। लिखित में दिए जाने पर बिना पोस्टमॉर्टम के शव परिवार को सौंप दिया गया।