CM भजनलाल शर्मा की तीसरी बार PM मोदी से मुलाकात

जयपुर। राजस्थान में जल्द ही मंत्रिमंडल फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में सरकार के दो साल पूरे होने से पहले मंत्रिमंडल पुनर्गठन, राजनीतिक नियुक्तियों और प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई है।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा हाईकमान राज्य में जल्द ही संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बदलाव कर सकता है। गुजरात में हाल ही में पूरे मंत्रिमंडल का इस्तीफा लेकर नए सिरे से फेरबदल किया गया था। अब राजस्थान में भी इसी तर्ज पर कुछ बड़े निर्णय देखने को मिल सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, सीएम भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी को राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को बताया कि राज्य सरकार 10 दिसंबर को पहला ‘राजस्थानी प्रवासी दिवस’ आयोजित करने जा रही है। इस आयोजन का उद्देश्य दुनियाभर में बसे राजस्थानियों को राज्य की प्रगति में जोड़ना है। माना जा रहा है कि सीएम ने इस कार्यक्रम का औपचारिक न्योता भी पीएम मोदी को दिया।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि सीएम भजनलाल और पीएम मोदी की मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों और कई विभागों में फेरबदल को लेकर अटकलें तेज हैं। सरकार दिसंबर में अपने दो साल पूरे करने जा रही है और इस मौके पर कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है।

सीएम भजनलाल शर्मा की यह पिछले तीन महीनों में पीएम मोदी से तीसरी मुलाकात है। इससे पहले 29 जुलाई को उन्होंने संसद भवन में प्रधानमंत्री से भेंट की थी। दिलचस्प बात यह रही कि उस समय पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी एक दिन पहले पीएम मोदी से मुलाकात की थी।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा दौरे पर आए थे। इस दौरान वे ओपन जीप में सभा स्थल तक पहुंचे, उनके साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी सवार थे। मंच पर पीएम मोदी और वसुंधरा राजे की मुलाकात के वीडियो ने भी तब खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, राज्य में करीब दो दर्जन निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां लंबित हैं। इन पदों पर संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की तैयारी चल रही है। वहीं, कुछ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल संभव है। संगठन और सरकार के बीच तालमेल को बेहतर बनाने के लिए हाईकमान प्रदेश में ‘मिड-टर्म ट्यूनिंग’ पर काम कर रहा है।

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद राजस्थान भाजपा में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अब दिल्ली दरबार से लौटने के बाद संभावित फेरबदल को लेकर रणनीति बनाने में जुटे हैं। सीएम भजनलाल शर्मा की सरकार दिसंबर 2023 में बनी थी, ऐसे में दो साल पूरे होने से पहले यह फेरबदल सरकार को नई ऊर्जा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।