मुजफ्फरनगर में ट्रेडिंग के नाम पर 65 लाख की ठगी: साइबर क्राइम पुलिस ने एक शातिर ठग को पकड़ा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, पीड़ित को एक अज्ञात व्यक्ति ने टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़ा था। इसके बाद, ट्रेडिंग के बहाने उनसे 65 लाख रुपये की ठगी की गई। इस संबंध में साइबर क्राइम थाने में मु0अ0स0 35/2024 धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अजहरउल्ला पुत्र इशरत अल्ला के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के गुना जिले के मोहल्ला गुलाबगंज, थाना कैंट का निवासी है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी अजहरउल्ला के बैंक खाते में 1 करोड़ 68 लाख 27 हजार 837 रुपये का लेनदेन हुआ है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। उसके खिलाफ एनसीआरपी/साइबर पोर्टल पर कुल 36 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें कुल 11 करोड़ 21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

इस गिरफ्तारी को पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध सुश्री ऋषिका सिंह और थाना साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक श्री सुल्तान सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में निरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक गौरव चौहान, हेड कांस्टेबल आकाश चौधरी, बालकिशन और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल थे।