Rajasthan Weather Update: मार्गशीर्ष मास में सर्दी का असर राजधानी में लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। जयपुर का न्यूनतम पारा 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम को ठंडी हवा के साथ ही सर्दी का असर हावी रहा।
जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक आने वाले दिनों में दो से तीन डिग्री तापमान में गिरावट आ सकती है। जिससे मौसम में भी परिवर्तन होगा और 6 दिन बाद बारिश होने की संभावना भी है। ऐसे में मौसम विभाग ने 21 से 27 नवंबर के बीच हल्की बारिश होने की आशंका जताई है। वहीं आज 3 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है।
इन 3 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज टोंक, नागौर और सीकर में शीलहर चलने का येलो अलर्ट दिया है। साथ ही कई जिलों में तापमान में परिवर्तन देखने को मिलेगा। जिससे ठंड बढ़ेगी।
राजस्थान में फतेहपुर रहा सबसे ठंडा
उत्तरी हवाएं चलने से मैदानी क्षेत्रों में तेज सर्दी का जोर बढ़ गया है। मध्यरात्रि बाद सर्द हवाएं चलने से सुबह धूजणी छुटनी शुरू कर दी है। प्रदेश में पांच डिग्री के साथ सबसे सर्द फतेहपुर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटों के दौरान सीकर और टोंक जिले में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान के अनुसार शुष्क मौसम के कारण फिलहाल एक सप्ताह तक तेज सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं है।
सीकर में शुक्रवार सुबह सर्द हवाएं चली। सुबह आंशिक कोहरा छाया। सर्द हवाएं की चुभन से बचने के लिए लोग मफलर व कंबल में लिपटे नजर आए। लोगों ने अलाव तापकर सर्दी से निजात पाई। दिन चढ़ने के साथ धूप में तेजी आई लेकिन हवाएं चलने के कारण दिन में मौसम सर्द रहा। दिन के तापमान में गिरावट रही। दिन ढ़लते ही हवाओं के कारण सर्दी बढ़ गई। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री व न्यूनतम पांच डिग्री और सीकर में अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया।