सचिन पायलट के लिए खुशखबरी! राज्यसभा जाना चाहते हैं अशोक गहलोत? क्यों हो रही चर्चा

जयपुर। राजस्थान की राजनीति गुटों में चलती है। ये गुट भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों में देखने को मिलते हैं। कांग्रेस में सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच के बीच के रिश्ते जगजाहिर हैं। दोनों के रिश्तों की दरार कांग्रेस के माथे पर चिंता की लकीर बनकर हमेशा उभरी रहती है। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में दोनों के बीच तकरार जैसी स्थिति नहीं देखने को मिली है, लेकिन दोनों की अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं भी हैं। ऐसे में सचिन पायलट और अशोक गहलोत दोनों ही राजस्थान में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं और आलाकमान से उम्मीद करते रहे हैं कि उन्हें राजस्थान का फ्री हैंड दिया जाए।

क्या है सचिन पायलट के लिए खुशखबरी सचिन पायलट कांग्रेस के सबसे मशहूर अच्छी वाकशैली वाले नेताओं में से एक हैं। यही वजह है कि कांग्रेस उन्हें केंद्र की राजनीति में रखना चाहती है, लेकिन सचिन पायलट हैं कि उनका मन राजस्थान में ही लगा रहता है। हाल के कुछ संकेत सचिन पायलट के लिए खुशखबरी बनकर आए हैं। राजनीतिक गलियारों में खबर चल रही है कि अशोक गहलोत अब राज्यसभा जाने का मन बना चुके हैं और इसके लिए वो अपनी कोशिशें भी शुरू कर दिए हैं।

जून महीने में राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं। इन सीटों में से 2 बीजेपी के हिस्से जाएगी वहीं 67 विधायकों वाली कांग्रेस के पास 1 सीट आएगी, जिसपर अशोक गहलोत अपनी दावेदारी जता सकते हैं। हालांकि, अभी तक अशोक गहलोत की तरफ से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कांग्रेस का क्या है प्लान इस साल केरल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल की भी एक बड़ी महर्वाकांक्षा है। वेणुगोपाल केरल के सीएम फेस के तौर पर सामने आना चाहते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वेणुगोपाल केरल में सीएम की कुर्सी चाहते हैं। अगर ऐसा होता है तो अशोक गहलोत को संगठन महामंत्री के तौर पर कांग्रेस दिल्ली की राजनीति में ला सकती है। इससे पहले भी कांग्रेस ने अशोक गहलोत को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का ऑफर दिया था, लेकिन अशोक गहलोत का राजस्थान प्रेम उन्हें ये करने नहीं दिया।