Rajasthan Government Job Calendar: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा दिवस के मौके पर राजस्थान के युवाओं को बड़ी सौगात दी है. सरकार ने वर्ष 2026 के लिए भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. इस कैलेंडर में पूरे साल आयोजित होने वाली 44 अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं की पूरी जानकारी दी गई है. सरकार का दावा है कि साल 2026 में एक लाख से ज्यादा सरकारी पदों पर भर्ती कर युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे.
भर्ती परीक्षा कैलेंडर के मुताबिक जनवरी से दिसंबर तक अलग-अलग विभागों में चरणबद्ध तरीके से परीक्षाएं कराई जाएंगी. इससे अभ्यर्थियों को पहले से तैयारी की स्पष्ट दिशा मिलेगी और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी. राजस्थान सरकार ने इस साल सफाई कर्मचारियों की बड़ी भर्ती का भी प्रस्ताव रखा है. इसमें 24 हजार से अधिक पद शामिल किए गए हैं. सरकार के अनुसार यह भर्ती अक्टूबर महीने में आने की संभावना है.
अगर महीनेवार भर्ती परीक्षाओं की बात करें तो जनवरी महीने में प्राध्यापक भर्ती 2025, राजस्थान प्राथमिक विद्यालय अध्यापक लेवल प्रथम और लेवल द्वितीय की विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी. इन परीक्षाओं में सामान्य, हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषय शामिल हैं. इसके अलावा शिक्षा विभाग के अन्य पदों के लिए भी जनवरी से मार्च के बीच परीक्षाएं प्रस्तावित हैं.
फरवरी महीने में सहायक विद्युत निरीक्षक भर्ती 2025, कनिष्ठ रसायनज्ञ भर्ती 2025 और आयुष मिशन के तहत विभिन्न पदों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. मार्च माह में सहायक अभियंता संयुक्त भर्ती 2024 की मुख्य परीक्षा प्रस्तावित की गई है.
अप्रैल महीने में उप निरीक्षक पुलिस भर्ती 2025, कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा, पशु चिकित्सक अधिकारी भर्ती 2025 और सहायक कृषि अभियंता भर्ती 2025 की परीक्षाएं होंगी. मई माह में प्रयोगशाला सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा फार्मा और विज्ञान विषयों के लिए आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही व्याख्याता, व्याख्याता कृषि एवं कोच संयुक्त भर्ती 2025 माध्यमिक शिक्षा की परीक्षा मई से जून के बीच कराई जाएगी. राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त परीक्षा भी मई माह में प्रस्तावित है.
जून महीने में महिला पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा, वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा और कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित होगी. कांस्टेबल भर्ती में चार हजार पद शामिल हैं. वहीं जुलाई माह में लिखित ग्रेड द्वितीय कनिष्ठ सहायक सीधी भर्ती परीक्षा होगी, जिसमें दस हजार से अधिक पद रखे गए हैं.
जुलाई और अगस्त के दौरान वरिष्ठ अध्यापक संयुक्त भर्ती 2025 माध्यमिक शिक्षा, कनिष्ठ विधि अधिकारी भर्ती 2025, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के विभिन्न पदों, वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक और बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक की सीधी भर्ती परीक्षाएं होंगी. अगस्त माह में सांख्यिकी अधिकारी भर्ती 2025 प्रस्तावित है.
सितंबर महीने में शारीरिक शिक्षा अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा, निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर भर्ती 2025 और निरीक्षक कारखाना रसायन भर्ती 2025 की परीक्षाएं होंगी. अक्टूबर माह में सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी भर्ती 2025, सफाई कर्मचारी भर्ती और ऊर्जा विभाग के विभिन्न पदों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. सफाई कर्मचारी भर्ती में कुल 24 हजार 793 पद शामिल किए गए हैं.
नवंबर महीने में संरक्षण अधिकारी भर्ती 2025 और कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है. दिसंबर में संविदा तकनीकी एसोसिएट सीधी भर्ती परीक्षा, ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा, चिकित्सा अधिकारी भर्ती और नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी.
राज्य सरकार का कहना है कि भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी होने से युवाओं को समय प्रबंधन में मदद मिलेगी और बार-बार परीक्षा तिथियों में बदलाव की समस्या खत्म होगी. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित राजस्थान के लक्ष्य के केंद्र में युवा हैं और सरकार उन्हें रोजगार देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार काम कर रही है.