लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वर्ष 1995 बैच के पांच आइएएस अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर पदोन्नति दी है। प्रमोशन पाने वालों में डॉ. आशीष कुमार गोयल, संजय प्रसाद, अमृत अभिजात, आर. रमेश कुमार और मुकेश कुमार मेश्राम शामिल हैं।
इन सभी अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से सातवें वेतन आयोग के तहत संशोधित पे-मैट्रिक्स लेवल-17 में 2.25 लाख रुपये वेतनमान दिया गया है।
आशीष गोयल वर्तमान में उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष हैं जबकि संजय प्रसाद मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव हैं। उनके पास गृह व सूचना विभाग के दायित्व भी हैं। अमृत अभिजात इस समय प्रमुख सचिव पर्यटन व संस्कृति हैं। आर रमेश कुमार राजस्व परिषद में सदस्य हैं।
मुकेश मेश्राम पशुपालन व डेयरी विभाग में प्रमुख सचिव हैं। इनके अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात 1995 बैच के तीन और आइएएस अधिकारियों भुवनेश कुमार, मृत्युंजय कुमार नारायण और संतोष कुमार यादव को प्रोफार्मा पदोन्नति दी गई है। यह जब प्रदेश में अपनी सेवाएं देने के लिए लौटेंगे तो उन्हें अपर मुख्य सचिव का पदनाम मिल जाएगा। प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज ने सोमवार को अधिकारियों के पदोन्नति संबंधी आदेश जारी कर दिए।