Rajasthan Crime: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बुहाना क्षेत्र में स्थित पचेरीकलां थाना इलाके के रसूलपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. यहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी.
जानकारी के अनुसार, रसूलपुर निवासी 35 वर्षीय अनुप सिंह बुधवार दोपहर घर लौटा था, जहां उसका छोटे भाई अजीत से घूमने-फिरने की बात को लेकर विवाद हो गया. दोनों के बीच पहले भी इस बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी, लेकिन इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई.
इसी दौरान अनुप ने अपने चचेरे भाई कृष्ण यादव को फोन कर बुलाया. जब तक वह मौके पर पहुंचा, तब तक झगड़ा उग्र हो चुका था. आरोप है कि गुस्से में अजीत ने ट्रैक्टर चलाकर अनुप के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
बीच-बचाव करने आए कृष्ण यादव के साथ भी मारपीट की गई. परिजन अनुप को पहले निजी अस्पताल और फिर बुहाना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आरोपी की तलाश जारी है.