जयपुर समेत 4 जिलों में बारिश, कोटा में बिजली गिरी: भरतपुर में ओले गिरे, अंधड़ से अजमेर हाईवे पर पेड़ गिरा

जयपुर। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर गुरुवार को भी देखने मिला। जयपुर, धौलपुर, अलवर, सीकर में बारिश हुई। भरतपुर के नदबई में ओले गिरे। जयपुर में खराब मौसम के चलते फ्लाइट्स का शेड्यूल गड़बड़ा गया।

जयपुर-अजमेर हाईवे पर किशनगढ़ के पास पेड़ गिर गया। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे थे। कोटा में बारिश के बीच एक मकान पर बिजली भी गिर गई।

मौसम के इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। वहीं, श्रीगंगानगर, सीकर और पिलानी समेत 10 से ज्यादा शहरों का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा तापमान 43.4 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने 8 जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है।

गर्मी के कारण बदला समय: चित्तौड़गढ़ में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा तापमान रहा। भीषण गर्मी के कारण यहां की दो सेंचुरी में वन्यजीव गणना का टाइम चेंज किया गया। गणना की बजाए शाम से होगी। यहां वन्यजीवों के लिए अलग से 60 से ज्यादा वाटर होल्स भी बनाए गए हैं।

तापमान गिरा, लू से मिली राहत: बीते 24 घंटे बारिश-ओले गिरने के कारण दिन-रात के तापमान में तीन-चार डिग्री तक गिरावट हुई है। लू से भी थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, आंधी के कारण कोटा में शादियों के टेंट उड़ गए। कैथून में एक मकान पर बिजली गिरने के कारण छत्त का बड़ा हिस्सा टूट गया। हालांकि, जान का नुकसान नहीं हुआ है।

दोपहर तक साफ रहा मौसम: बुधवार सुबह से दोपहर तक आसमान साफ रहा। सबसे ज्यादा गर्मी चित्तौड़गढ़ में रही, जहां का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में 42, जैसलमेर में 42.6, कोटा में 41.3, बीकानेर में 41.4, जोधपुर में 41.3 में दर्ज हुआ।