राजस्थान में रक्षक बना भक्षक, CRPF जवान ने पत्नी को जहर देकर सुलाया मौत की नींद

राजस्थान के डीग जिले के कुम्हेर थाना इलाके के पिचूमर गांव से रूह कपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ देश की सुरक्षा में तैनात एक CRPF जवान ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि शराब के नशे में धुत जवान ने पहले पत्नी और बच्चों को पीटा, फिर गला दबाकर उसे जहर पिला दिया। इस पूरी घटना के दौरान मासूम बच्चे अपनी मां को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन पत्थर दिल पिता ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी लालचंद (35) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव पिचूमर आया था। मृतका कविता (28) के पिता रामधन मीणा ने बताया कि शादी के 10 साल बाद भी लालचंद की आदतों में सुधार नहीं आया था। वह अक्सर शराब पीकर कविता के साथ मारपीट करता था। परिजनों ने कई बार गृहस्थी बचाने के लिए कविता को समझा-बुझाकर वापस भेजा, लेकिन उन्हें क्या पता था कि इस बार वह अपनी बेटी को खो देंगे। गुरुवार रात करीब 1 बजे जब पूरा गांव सो रहा था, तब लालचंद शराब के नशे में धुत होकर घर पहुँचा। उसने कविता के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

शोर सुनकर जब कविता के दोनों बेटे—8 साल का लव और 2 साल का कुश—अपनी मां को बचाने दौड़े, तो सिरफिरे पिता ने उन मासूमों पर भी हाथ उठाया। बच्चों की पिटाई के बाद लालचंद ने कथित तौर पर कविता का गला दबाया और उसे जबरन जहर पिला दिया। इस मामले का सबसे दुखद पहलू यह है कि कविता और उसकी बड़ी बहन ममता दोनों एक ही घर में ब्याही गई थीं। ममता की शादी लालचंद के बड़े भाई विजय के साथ हुई थी। घटना के बाद जब लालचंद मौके से फरार हो गया, तब ममता भागकर कविता के कमरे में पहुँची।

वहां कविता बेसुध पड़ी थी। ममता और परिवार के अन्य सदस्य रात करीब 2 बजे उसे लेकर डीग के सरकारी अस्पताल पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने कविता को मृत घोषित कर दिया। अलवर जिले के बड़ोदकान (कठूमर) निवासी रामधन मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में दामाद पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “मेरा दामाद मेरी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। इस बार उसने सारी हदें पार कर दीं और बच्चों के सामने ही मेरी बेटी की जान ले ली।” कविता की मौत की खबर मिलते ही आरोपी लालचंद और उसके परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

कुम्हेर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के पीहर पक्ष की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी CRPF जवान लालचंद की तलाश में दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में घरेलू हिंसा और शराब की लत को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।