अवैध शराब तस्करी मामले पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिरोही के आबूरोड रीको पुलिस के अनुसार सीमावर्ती अंबाजी मार्ग स्थित छापरी चौकी पर नाकाबंदी कर गुजरात की ओर जाने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान आबूरोड की ओर से आ रही एक गुजरात पासिंग ट्रेवल्स बस को रुकवाकर जांच की गई। बस में केवल चार लोग सवार थे, इसके अलावा कोई अन्य यात्री नहीं था।
बस में सवार चारों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने बस की तलाशी ली, जिसमें डिक्की के अंदर एक गुप्त बॉक्स बना हुआ मिला। जांच में बॉक्स के भीतर राजस्थान निर्मित शराब के 104 कार्टन बरामद किए गए।
आवश्यक कार्रवाई के बाद चिरढाणी, पुलिस थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर निवासी गौतम पुत्र ओमाराम जाट, खारियाआनावास, पुलिस थाना पीपाड़ सिटी, जिला जोधपुर निवासी सुरेश पुत्र बाबूलाल जाट, अर्जुनदास पुत्र मोतीदास वैष्णव तथा बोईल की ढाणी, पुलिस थाना कापरड़ा, जिला जोधपुर निवासी रहमत अली पुत्र रज्जाक अली को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अग्रिम जांच जारी है और अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
गौरतलब है कि आबूरोड रीको पुलिस द्वारा बीते चार माह में शराब तस्करी के विरुद्ध 15 बड़ी कार्रवाइयां की गई हैं। इस दौरान 12 बड़े वाहन और 3 छोटे वाहन जब्त कर कुल 4128 कार्टन शराब बरामद की गई है। कार्रवाई में आबूरोड रीको पुलिस थाना के थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह एवं अंबालाल शामिल रहे।
पुलिस से बचने के लिए लिया ट्रेवल्स बस का सहारा
पुलिस के अनुसार बीते चार माह से सिरोही पुलिस द्वारा शराब तस्करी के विरुद्ध लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए तस्करों ने अपने परिवहन के तरीके में बदलाव किया है। ट्रकों के बजाय अब तस्कर ट्रेवल्स बसों की सीटों के नीचे गुप्त चैम्बर बनाकर शराब की पेटियां भरकर तस्करी करने लगे थे। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते ट्रेवल्स बस से 104 कार्टन शराब जब्त कर ली गई।
शराब तस्करी का रूट भी बदला
बीते चार माह में गुजरात-राजस्थान सीमा पर स्थित मावल चौकी पर पुलिस की सख्ती के चलते लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहां से बचने के लिए तस्करों ने आबूरोड-छापरी मार्ग होते हुए गुजरात ले जाने का नया रूट तलाश किया था। लेकिन यहां भी पुलिस की मुस्तैदी के चलते वे गुजरात सीमा में प्रवेश नहीं कर पाए।