राजस्थान में होगी 1 लाख पदों पर भर्ती, CM भजनलाल ने जारी किया एग्जाम कैलेंडर

Rajasthan Exam Calendar 2026: सरकारी नौकरी के लिए दिन-रात पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को एक लाख पदों पर भर्तियों का कैलेंडर जारी किया. सीएम भजनलाल ने कहा कि अगले तीन साल में 15 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा.

राजस्थान सरकार ने एक लाख पदों पर भर्तियों का जो कैलेंडर जारी किया है उसमें 44 भर्तियां शामिल हैं. कैलेंडर के मुताबिक, राजस्थान पुलिस में 4000 कांस्टेबल की भर्ती होगी. जिसकी परीक्षा जून-जुलाई में आयोजित की जाएगी. जबकि, राजस्थान प्रशासनिक सेवा में 500 रिक्त पदों पर भर्तियां होंगी. इसकी प्रीलिम्स परीक्षा मई में होगी. यही नहीं, राजस्थान में वीडीओ की भी बंपर भर्ती का ऐलान हुआ है. वीडीओ के 3430 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा दिसंबर 2026 में होगी.

भर्ती कैलेंडर के अनुसार, जनवरी में आठ, फरवरी में तीन, मार्च में 1 और अप्रैल में 4 भर्ती परीक्षाएं होंगी. वहीं, मई में तीन, जून में 2 और जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्टूबर में तीन-तीन परीक्षाएं होंगी. इसके अलावा नवंबर में दो और दिसंबर में 4 भर्ती परीक्षाएं होंगी.

RSSB कराएगा 35000 पदों पर भर्तियां
कैलेंडर के अनुसार, राजस्थान के शिक्षा विभाग में 10 हजार और स्कूल व्याख्याता के 3725 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा होगी. वहीं, बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक की 2214 और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक की 322 वैकेंसी है. यह भर्ती परीक्षा अगस्त में प्रस्तावित है.

44 में से 22 भर्तियां राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड कराएगा. जिनमें लगभग 35000 वैकेंसी है. नए नियम के अनुसार, रिजल्ट जारी होने से पहले पदों में 100 फीसदी की वृद्धि की जा सकती है.