राजस्थान में भीषण हीटवेव से झुलस रहे लोग, पारा पहुंचा 44.8°C

Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का यू-टर्न जारी है. फलौदी में पारा 44.8°C पहुंचने के साथ ही पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट है, वहीं पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है. राहत की खबर यह है कि इस बार प्रदेश में मानसून 20 जून तक समय से पहले आ सकता है.

राजस्थान में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. शुक्रवार को तापमान में करीब 2 डिग्री की मामूली गिरावट से मिली फौरी राहत के बाद आज (16 मई) से प्रदेश में एक बार फिर सूरज के तेवर तल्ख होने जा रहे हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में आज से दिन के पारे में बढ़ोत्तरी होगी और भीषण गर्मी का दौर शुरू होगा, जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की वजह से उमस और तपिश से थोड़ी राहत रह सकती है.

प्रदेश में सूरज की तपिश लगातार बढ़ रही है. पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड किया गया तापमान जैसे- फलौदी 44.8°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. चित्तौड़गढ़ यहां भी पारा 44.2°C तक पहुंच गया है.

मौसम विभाग के लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान में पिछले 24 घंटों में दर्ज किए गए अधिकतम तापमान के आधार पर प्रदेश के टॉप-10 सबसे गर्म शहरों में, फलौदी 44.8°C, चित्तौड़गढ़ 44.2°C, टोंक 43.6°C, कोटा 42.8°C, भीलवाड़ा 41.7°C, बाड़मेर 41.4°C, जैसलमेर 41.2°C, उदयपुर 41.1°C, जोधपुर 41.0°C और अलवर 40.8°C पारा दर्ज किया गया है.

पिछले 24 घंटो के दौरान घटित मौसम की जानकारी के आधार पर प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा. पश्चिमी राजस्थान में कहीं कहीं पर उष्ण रात्री दर्ज की गई.पूर्वी राजस्थान में कही कही पर उष्ण लहर दर्ज की गई, तो न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया.

मौसम केंद्र जयपुर ने प्रदेश को दो हिस्सों में बांटकर अलर्ट जारी किया है. बता दें कि बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, कोटा, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है.

तो वहीं कई जगहों पर आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जैसे- अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, खैरथल-तिजारा और कोटपुतली-बहरोड़ जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान गिरेगा.

भीषण गर्मी से जूझ रहे राजस्थानियों के लिए एक अच्छी खबर भी है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार प्रदेश में मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है. आमतौर पर 25 जून को आने वाला मानसून इस बार 20 जून तक ही राजस्थान में एंट्री ले सकता है.

बढ़ती गर्मी को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने आम जनता के लिए स्वास्थ्य गाइडलाइन जारी की है. समय-समय पर भरपूर पानी पिएं. नारियल पानी, नींबू पानी और छाछ जैसे तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाएं.

भूखे पेट धूप में जाना नहीं है. दोपहर 12:00 से 4:00 बजे के बीच जब धूप सबसे तेज होती है, तब बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. एसी (A.C.) या कूलर की ठंडी हवा से निकलकर तुरंत चिलाचिलाती धूप में न जाएं और न ही धूप से आते ही एकदम ठंडा पानी पिएं. शरीर को धीरे-धीरे तापमान के अनुकूल होने दें.