राजस्थान में समय से पहले बढ़ा लू का प्रकोप, बाड़मेर में पारा 39°C के करीब

Rajasthan Weather News: राजस्थान में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. बाड़मेर 38.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने और सामान्य से 8 डिग्री अधिक रहने की चेतावनी दी है.

राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज के तेवर आग जैसे हो गए हैं. होली के बाद से ही प्रदेशभर में तापमान का जो ग्राफ बढ़ा है, उसने आम जनजीवन को झुलसाकर रख दिया है. मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है.

पश्चिमी राजस्थान का रेगिस्तानी इलाका एक बार फिर हीट चैंबर बनता जा रहा है. वहीं पिछले 24 घंटों में बाड़मेर में सर्वाधिक 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक है. वहीं प्रदेश के लगभग सभी जिलों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया है. जैसे- पिलानी (37.9°C), जैसलमेर (37.6°C), बीकानेर (37.4°C) और जोधपुर (37.0°C) में भीषण गर्मी महसूस की जा रही है.

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से फिलहाल सबसे अधिक प्रभावित रहेंगे. वहीं अरब सागर के ऊपर बने एक प्रतिचक्रवाती तंत्र के कारण अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा.

बता दें कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है. विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छू सकता है.

बता दें कि अगले 24 घंटों में बाड़मेर 38.8,बीकानेर 37.4, पिलानी 37.9,जोधपुर 37.0,जैसलमेर 37.6,चूरू 36.9, चित्तौड़गढ़ 37.4 और जयपुर में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है.

लगातार बढ़ रही गर्मी और लू जैसे हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. पर्याप्त मात्रा में पानी, शिकंजी और तरल पदार्थों का सेवन करें.