ग्वालियर में 16.50 लाख की ठगी करने वाली राजस्थान की गैंग का दूसरा ठग गिरफ्तार

ग्वालियर। मुरार के सराफा कारोबारी को नकली सोना थमाकर 16.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दूसरे ठग को भी पकड़ लिया है। इसका साथी बीते रोज ही पकड़ा गया था। जब इनसे पूछताछ की तो बताया कि कई शहरों में वारदात कर चुके हैं। इनकी गैंग में तीन और लोगों के होने की जानकारी सामने आई है।

बीते रोज सोने की मोहरें लेकर आया
सराफा कारोबारी विकास जैन के यहां राजस्थान के अलवर से सुंदर पुत्र वीरपाल भोपाल सोना गिरवी रखकर रुपये उधार ले जाता था। कई बार वह इनके यहां आ चुका था। बीते रोज सोने की मोहरें लेकर आया और इन्हें गिरवी रखकर रुपये लिए। 16.50 लाख रुपये लेकर यह चले गए। बाद में पता लगा कि जो मोहरें थमाई, वह नकली थी, जबकि मशीन पर जांच कराने के दौरान मोहरें असली थी। फिर इनका पीछा कर सुंदर को पकड़ लिया गया।

पूछताछ जारी
इसने पूछताछ में बताया कि रामपाल उर्फ चांदवीर पुत्र स्वर्गीय सुआ भोपा निवासी कटुमर, अलवर राजस्थान भी शामिल है। उसे पुलिस ने पकड़ लिया। इनके पास से 10.50 लाख रुपये और जो गहने इनके यहां से खरीदे थे, वह बरामद हो गए हैं। अभी पुलिस इन दोनों से और पूछताछ कर रही है।

यह है ठगी का तरीका
पकड़े गए ठगों से पूछताछ की गई तो सामने आया कि इनके ठगने का तरीका शातिर है। यह पहले विश्वास बढ़ाते हैं। असली सोना गिरवी रखकर रुपये लेते हैं। ब्याज सहित चुकाते हैं। इसके बाद नकली सोना गिरवी रखकर ठगी करते हैं।