Delhi Uttam Nagar Tarun Murder Case: जयपुर जिले के चौमूं के 26 वर्षीय युवक तरुण बुटोलिया की दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में होली के दिन क्रूर तरीके से हत्या कर दी गई. घटना दिल्ली की जे.जे. कॉलोनी में हुई, जहां रंग का गुब्बारा गिरने को लेकर छोटे-मोटे विवाद के बाद हमलावरों ने तरुण को लाठियों और डंडों से पीट-पीटकर मार डाला. तरुण मूल रूप से चौमूं का निवासी था और दिल्ली में काम करने के लिए गया हुआ था. इस घटना ने चौमूं और जयपुर जिले में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है.
परिवार के सदस्यों पर भी हुआ हमला
तरुण को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे उसके पिता मामराज बुटोलिया और चाचा रमेश कुमार को भी हमलावरों ने जमकर पीटा. दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां दीं, घर में जबरन घुसे और तोड़फोड़ की. परिवार का कहना है कि यह सिर्फ विवाद नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हमला था.
पूर्व विधायक रामलाल शर्मा का पत्र और मांगें
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष, त्वरित और गहन जांच हो. शर्मा ने लिखा है कि सभी दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, जिसमें हत्या के अलावा अन्य गंभीर धाराएं भी लगाई जाएं. साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए. उन्होंने दिल्ली सरकार से अपील की है कि ऐसे मामलों में राजस्थान के प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.