राजस्थान के जंगल में बसा है सबसे महंगा कमरा, एक रात रुकने का किराया 1 लाख से भी ऊपर

प्रदेश के पाली जिले में स्थित सुजान जवाई होटल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह होटल दुनिया के 50 सबसे अनूठे होटलों की सूची में शामिल हो चुका है और 43वें स्थान पर रहा। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाला यह भारत का एकमात्र होटल है।

लंदन के मशहूर गिल्ड हॉल में आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान इसकी रैंकिंग की घोषणा की गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध जवाई लेपर्ड सफारी के लिए जाना जाने वाला यह होटल टॉप रिसॉर्ट्स में अपनी खास पहचान रखता है। देश-विदेश से आने वाले फिल्मी सितारे, क्रिकेटर, उद्योगपति और राजनीतिक हस्तियां यहां ठहरना पसंद करती हैं। चलिए जानते हैं इस होटल के एक रात के किराए के बारे में।

होटल 10 अलग कैम्पों में बंटा है
​सुजान जवाई होटल की कई खासियतें इसे भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के अन्य होटलों से भी अलग बनाती हैं। यह होटल किसी शहर में नहीं, बल्कि घने जंगलों के बीच स्थित है। पाली जिले में जवाई नदी पर बने जवाई बांध के उत्तर-पूर्व में, अरावली की पहाड़ियों के बीच फैला यह होटल 10 अलग-अलग कैंपों में बंटा हुआ है। यह लेपर्ड सफारी से करीब 10 किमी और जवाई डैम से लगभग 12 किमी की दूरी पर स्थित है।

होटल को किया जाता है संरक्षित
​इस होटल का निर्माण करते समय जंगल और वन्यजीवों को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। स्थानीय समुदायों को विस्थापित किए बिना ही होटल को विकसित किया गया, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहा। जंगल को संरक्षित रखने में होटल ने अहम भूमिका निभाई है और इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि शोर-शराबा या गंदगी से प्राकृतिक वातावरण प्रभावित न हो। यहां जंगल और होटल एक-दूसरे में घुले-मिले नजर आते हैं। होटल में काम करने वाले कर्मचारी ट्रेडिशनल वेटर वेशभूषा में नहीं होते, बल्कि ये आसपास के गांवों के स्थानीय लोग हैं, जिनके परिवार यहीं रहते हैं।

स्थानीय लोग ही संभालते हैं काम
होटल की जरूरतों के लिए गायों का दूध, ताजी सब्जियां, सुरक्षा व्यवस्था और भेड़-बकरियां चराने का काम स्थानीय लोग ही संभालते हैं। ऐसे में यहां ठहरने वाले मेहमान चरवाहों के साथ जंगल में घूम सकते हैं और स्थानीय जीवनशैली को करीब से देख सकते हैं। वे गांव के लोगों के खान-पान, परंपराओं और संस्कृति को समझने का एक्सपीरियंस भी हासिल करते हैं। होटल में कुल 10 टेंट सुइट हैं, जिनमें रॉक सुइट, फैमिली सुइट और रॉयल पैंथरा सुइट शामिल हैं। हर सुइट से पहाड़ों, जंगल और तालाब का खूबसूरत नजारा दिखता है। सुइट में निजी स्विमिंग पूल और पर्सनल बटलर की सुविधा भी उपलब्ध है।