Rajasthan Top Cold Cities: प्रदेश में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है. हालांकि विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में सर्दी से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है. अगले दो दिनों में भरतपुर और जयपुर संभाग में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं.
Rajasthan Top Cold Cities: इस समय प्रदेश के कई शहरों में ठंड का प्रकोप जारी है. मौसम विभाग ने अलवर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया है.
प्रदेश भर में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है. अधिकांश प्रमुख शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है, जिससे दिन और रात के तापमान में 20 डिग्री तक का अंतर बना हुआ है.
राजधानी जयपुर में दिन के समय सर्दी से राहत रही, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवाओं ने मौसम को ठंडा बना दिया. जयपुर में अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
प्रदेश में फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अलवर और सीकर में पारा 1 डिग्री, करौली में 2, पाली में 2.2, नागौर और लूणकरणसर में 2.3, दौसा में 2.6 और जालौर में 3 डिग्री रहा.
वहीं माउंट आबू में 3.1, चूरू और श्रीगंगानगर में 3.7, सिरोही और वनस्थली में 3.8 तथा झुंझुनूं और पिलानी में 3.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. प्रदेश के करीब 17 शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं, अगले दो दिनों में भरतपुर और जयपुर संभाग में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं.
इसके अलावा, 22 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है. इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में बारिश हो सकती है. कई शहरों में बादल छाए रहने की भी संभावना बनी हुई है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में हो रहे इस बदलाव के चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. दिन में गर्मी और रात में सर्दी के कारण लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है. ऐसे में गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.