गाजीपुर। दीपावली व छठ पर्व को देखते हुए बढ़ने वाले यात्रियों के दबाव को कम करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने डिपो से 34 अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया है। इसके तहत गाजीपुर से दिल्ली के लिए एक, गाजीपुर-लखनऊ-कानपुर के लिए 25 व गाजीपुर-गोरखपुर के लिए आठ अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
त्योहारों के नजदीक आते ही बहुत से लोगों को रिजर्वेशन न मिलने या भीड़ अधिक होने के कारण बसों में यात्रियों का दबाव अधिक हो जाता है। इन यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन की है।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से दीपावली से पूर्व यात्रियों की सुविधा को लेकर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। यह सेवा 18 से 30 अक्टूबर तक जारी रहेगी। प्रभारी एआरएम अभिषेक ने बताया कि दीपावली त्योहार के मद्देनजर अक्टूबर से दस नवंबर तक बसों का अतिरिक्त संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बसों को चलाया जाएगा।
अवकाश किए रद
सभी चालकों और परिचालकों को अवकाश नहीं मिलेंगे। एआरएम ने कहा कि डिपो में 74 बसें हैं। 18 से 30 अक्टूबर के मध्य 34 अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। यह बसें गाजीपुर से दिल्ली, गाजीपुर-लखनऊ-कानपुर, गाजीपुर-गोरखपुर सहित अन्य के लिए चलेंगी। वर्तमान में सबसे अधिक बसें गाजीपुर-लखनऊ-कानपुर के मध्य 13 चलती हैं। वहीं गाजीपुर-गोरखपुर के लिए पांच बसों का संचालन किया जा रहा था।