गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने गृह जिले में वनटांगिया समाज के बीच दिवाली मनाई. इस मौके पर उन्होंने 49 करोड़ की 133 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. सीएम ने कहा, आज की अयोध्या बांटती नहीं, जोड़ती है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर के वनग्राम तिकोनिया पहुंचे. जहां उन्होंने वनटांगिया समाज के साथ दीपोत्सव मनाया.
‘हर वर्ग दीपोत्सव का बन रहा साक्षी’
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आज नई सोच और नए भारत की पहचान बन चुकी है जहां भव्यता और दिव्यता के साथ दीपोत्सव ने पूरे देश को जोड़ने का काम किया है.पहले अयोध्या को विदेशी आक्रांताओं की मार झेलनी पड़ी कांग्रेस सरकार ने भगवान राम के अस्तित्व पर ही सवाल उठाया था. लेकिन आज की अयोध्या बांटती नहीं जोड़ती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज का हर वर्ग बिना भेदभाव के दीपोत्सव का साक्षी बन रहा है.
वनटांगिया जैसी जगहों पर स्वदेशी की असली महक
अयोध्या अब देश की पहली सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है .और यह नये भारत के नये उत्तर प्रदेश की भव्यता का प्रतीक है. पर्व और त्योहार का यही संदेश है जहां अंधेरा है, वहां प्रकाश पहुंचे. वनटांगिया जैसे स्थानों पर स्वदेशी की असली महक मिलती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 साल पहले जहां सिर्फ अभाव था आज वही वनग्राम मकान, बिजली, पानी और स्कूल की सुविधाओं से रोशन है. हर परिवार को पेंशन, राशन और आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है.
दिवाली तभी मनेगी जब गरीब के घर तक पहुंचे रोशनी
अब यहां के किसान सब्जियां उगाकर शहर में बेच रहे हैं और आत्मनिर्भर बन रहे हैं. सीएम ने कहा मुसहर, कोल और थारू जैसी जातियों को हर सुविधा दी जा रही है. उन्होंने संदेश दिया दीवाली तभी मनेगी जब हर गरीब के घर तक रोशनी पहुंचे. गोरखपुर के जंगल तिकोनिया नंबर-3 से मुख्यमंत्री ने संदेश दिया कि दीवाली सिर्फ दीप जलाने का नहीं बल्कि हर गरीब के जीवन में उजाला भरने का पर्व है.
सीएम योगी के साथ दिवाली मनाने से गदगद दिखे वनटांगिया
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सीएम योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया समाज के मुखिया राम गनेश के घर जाकर दीप प्रज्वलित कर वनटंगियों के साथ दीपावली पर्व की शुरुआत की. इस पल को लेकर परिवार के सभी सदस्य काफी प्रफुल्लित नजर आए. जी मीडिया से बात करते हुए परिवार की मुखिया पतिराजी देवी ने कहा कि बाबा के बिना हमें दिवाली मनाना अब अच्छा नहीं लगता है और हम सबको साल भर से इस पल का बेसब्री से इंतजार रहता है.